बरेली। शहर के व्यस्ततम मार्गों में शुमार चौपुला पुल से किला तक जाने वाली सड़क के निर्माण के लिए नगर निगम ने लोक निर्माण विभाग को पांच करोड़ रुपये हस्तांतरित कर दिए हैं। इससे 1200 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी ने ठेकेदार का चयन भी कर लिया है। अगले सप्ताह से अलग-अलग चरणों में काम कराया जाएगा।
रेलवे स्टेशन और शहर के मुख्य हिस्सों को जोड़ने वाली सड़क पर अचानक काम शुरू होने से ट्रैफिक व्यवस्था ठप होने का अंदेशा है। इसके मद्देनजर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता भगत सिंह ने काम शुरू करने से पहले नगर निगम, रेलवे और यातायात पुलिस के साथ संयुक्त बैठक करने का फैसला लिया है। इसमें रूट डायवर्जन, स्टेशन के पास भीड़ प्रबंधन सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल करते हुए ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा।
इस सड़क के निर्माण में सबसे बड़ी चुनौती जलभराव है। रेलवे परिसर की ओर नाला न होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर भरता है। इससे सड़क जल्दी खराब हो जाती है। नए निर्माण में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा। विभाग का दावा है कि तीन से चार दिन में ट्रैफिक प्लान फाइनल कर लिया जाएगा और अगले दो महीनों में सड़क निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए एसपी ट्रैफिक को भी पत्र भेजकर समन्वय स्थापित किया गया है। संवाद