जल निगम के एक्सईएन ने कहा- अगर खराब निर्माण हुआ तो ठेकेदार पर कार्रवाई भी करेंगे
बरेली। बनने के हफ्ते भर बाद ही उधड़ी सिटी स्टेशन रोड का दोबारा निर्माण शुरू हो गया है। मेयर ने कहा है कि इस बार सड़क निर्माण के बाद वह दोबारा निरीक्षण करेंगे और कोई खामी मिली तो मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे। जल निगम के एक्सईएन ने कहा है कि इस बार ठेकेदार को अच्छी सड़क बनाने को कह दिया गया है। अब भी उसने खराब सड़क बनाई तो उस पर कार्रवाई भी की जाएगी।
कहा जा रहा है कि सिटी स्टेशन रोड दिवाली से पहले बनकर तैयार हो जाएगी। जल निगम के एक्सईएन संजय कुमार ने बताया कि सड़क से उखड़ी बजरी को साफ करा दिया गया है। अब दोबारा निर्माण कराया जा रहा है। जिस प्लांट से माल आ रहा है, वहां एक इंजीनियर को तैनात किया गया है जो निर्माण सामग्री की जांच कर रहा है। ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सड़क निर्माण में अब कोई खामी न छोड़ी जाए वर्ना कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें, जल निगम ने पिछले साल सीवर लाइन बिछाने के लिए सिटी स्टेशन रोड पर खोदाई की थी और बाद में उसे ऐसे ही छोड़ दिया था। साल भर तक लोगों के खुदी सड़क पर ठोकरें खाने के बाद करीब 15 दिन पहले जल निगम ने इस सड़क का निर्माण कराया, लेकिन हफ्ते भर बाद ही सड़क दोबारा उधड़ गई और जगह-जगह गड्ढे हो गए। इसी बीच जल निगम के एई और ठेकेदार की बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ। इसमें घटिया निर्माण सामग्री आने की बात कही गई थी। अमर उजाला ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित होने के बाद मेयर ने टूटी सड़क का निरीक्षण किया था।
सड़क निर्माण में अब कोई खामी नहीं आएगी। ठेकेदार से साफ कह दिया गया है कि यदि फिर सड़क में कोई दिक्कत आई तो ठेकेदार को फिर से निर्माण कराना होगा और उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। - संजय सिंह, एक्सईएन, जल निगम
सड़क निर्माण दोबारा शुरू हो गया है। निर्माण पूरा होने के बाद फिर सड़क का निरीक्षण करूंगा। यदि खामी मिली तो कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री को लिखा जाएगा। गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। - उमेश गौतम, मेयर
खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने में जुटी निगम की टीम
बरेली। नगर निगम की टीम ने मंगलवार को शहर में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करना शुरू कर दिया। दरअसल मंगलवार को अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद मेयर उमेश गौतम ने सुबह ही नगर निगम के अफसरों को इस बारे में पत्र लिखा। इस पर नगर आयुक्त ने टीम बना दी जो जिसने शाम से ही सड़कों पर खराब स्ट्रीट लाइटें बदलनी शुरू कर दी।
पथ प्रकाश विभाग के जेई राजीव शर्मा ने बताया कि मंगलवार को पीलीभीत बाईपास और सौ फुटा रोड की लाइटें ठीक करा दी गईं हैं। बदायूं रोड, शाहजहांपुर रोड के साथ शहर की बाकी सभी सड़कों और गलियों में भी दिवाली से पहले सभी स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त कर दी जाएंगी। मेयर ने नगर निगम अफसरों को दिवाली से पहले सभी स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। कहा है, जहां लाइटें खराब हैं, उन्हें तत्काल ठीक किया जाए और जहां लाइटें नहीं है, वहां नई लाइटें लगवाई जाएं।
अधिकारियों की टीम गठित कर दी गई है। निर्देश दिए हैं कि शाम सात बजे के बाद शहर की सड़कों का निरीक्षण कर देखें कि कहां लाइटें नहीं जल रही हैं। उन्हें उसी समय या फिर दूसरे दिन सुबह ठीक कराएं। दिवाली तक शहर की सभी स्ट्रीट लाइटें ठीक करने के निर्देश दिए हैं।
- अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त
नगर निगम के अफसरों से सड़कों के गड्ढे भरने और स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के लिए कहा गया है। दिवाली से पहले ये दोनों काम काम हर हाल में पूरे कर लिए जाएं ताकि त्योहार के समय लोगों को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। - उमेश गौतम, मेयर
हमारी भी सुनो
- आशीष रॉयल पार्क के अशोक अग्रवाल ने बताया कि फेस-2 के पार्क में लगीं लाइटें नहीं जल रही हैं।
- प्रेमनगर की अमर कॉलोनी में रहने वाले सतीश अग्रवाल ने बताया, डलावघर के पास लगी स्ट्रीट लाइट खराब है।
- सिविल लाइंस की आवास विकास कॉलोनी के एआर खान के मुताबिक आवास संख्या 74 के सामने लगी स्ट्रीट लाइट खराब है।
- कालीबाड़ी की रोशनी ने श्यामगंज में माहेश्वरी हार्डवेयर के सामने और होली चौराहे के पास लगी लाइट खराब होने की शिकायत की है।
- परतापुर के आरिफ डेलापीर तालाब के पास की स्ट्रीट लाइट दो दिन से खराब होने से परेशान हैं।
- रामगंगानगर में सेक्टर चार में रहने वाली एकता ने बताया कि प्लॉट नंबर सात के पास गली में लगी दो लाइटें कई दिनों से बंद हैं।
- किला छावनी खीरा बाग की इंदु गुप्ता का कहना है कि खंभा नंबर एनएनबी क्यूसीबी 101 के आसपास की तीन-चार गलियों में स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी हैं।
- किला के मोहल्ला कटघर में रहने वाले सीपी सिंह ने बताया कि बड़ी लाइन पुलिया के नुक्कड़ पर लगे पोल की लाइट खराब है।
- पीलीभीत बाईपास पर खंडेलवाल कॉलोनी के नरेश शर्मा ने बताया कि उनके घर के पास दो स्ट्रीट लाइटें काफी समय से बंद हैं।
- भूड़, पटे की बजरिया के जेके चौधरी का कहना है कि पोल संख्या एम-1, 3, 5 और 26 की स्ट्रीट लाइटें महीने भर से खराब हैं।
- कुंवरपुर नाला के उमेशचंद्र गुप्ता ने बताया कि आचार्य पीठ मंदिर की स्ट्रीट लाइट खराब है।
- डॉ. एसके इदरीसी ने बताया कि शाहदाना से कुतुबशाह मजार वाले रोड पर पोल संख्या छह और सात की लाइटें खराब हैं।
- पुष्पेंद्र वर्मा ने बताया कि बड़ी बमनपुरी में राधे लाल की दुकान के पास ऊंचा शिव मंदिर की चार स्ट्रीट लाइटें खराब हैं।
- संजय टंडन ने बताया कि गांधीनगर में मनोहर भूषण स्कूल के पीछे आदर्श मिष्ठान से रेलवे लाइन तक मुख्य सड़क की सभी लाइटें लंबे समय से खराब हैं।
दिवाली तक करा देंगे सभी सड़कों पर पैचवर्क
बरेली। नगर निगम निर्माण अनुुभाग के चीफ इंजीनियर भूपेश कुमार सिंह ने मंगलवार को शहर के कई इलाकों में भ्रमण कर सड़कों की बदहाली का जायजा लिया। उन्हाेंने कहा कि बजट की कमी नहीं है। दिवाली तक शहर की सभी सड़कोें को गड्ढामुक्त कर दिया जाएगा।
चीफ इंजीनियर भूपेश कुमार सिंह ने मंगलवार को श्यामगंज से सेटेलाइट, सौफुटा रोड, स्टेडियम रोड, पटेल चौक से चौपुला समेत शहर की कई सड़कों का निरीक्षण किया। भूपेश कुमार सिंह ने बताया कि बजट को मंजूरी मिल चुकी है। सड़कों का मुआयना भी कर लिया गया है। दिवाली तक लगभग सभी सड़कों को गड्ढामुक्त कर दिया जाएगा। सभी इंजीनियरों को निर्देश दे दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र में सड़कों का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करें और सड़कों को गड्ढामुक्त कराए। उन्हाेंने कहा कि स्टेडियम रोड पर चौड़ीकरण का काम चल रहा है। लिहाजा वहां कच्चा पैचवर्क कराया गया है। दिसंबर तक चौड़ीकरण का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद नए सिरे सड़क का निर्माण किया जाएगा।
सिटी स्टेशन रोड पर बनने लगी सड़क।