मरम्मत के लिए चौपुला पुल पर निर्माण सामग्री डालने से भी लग रहा जाम
बरेली। चौपुला चौराहे पर जर्जर हो चुकी सिंगल सर्विस रोड पर वाहनों की रफ्तार सुस्त होने से दिन में कई बार जाम लग रहा है। एडीजी अविनाश चंद्र ने इस सड़क को समतल कराने के निर्देश दिए तो वहां निर्माण सामग्री मंगाकर डाल दी गई। रविवार रात में डायवर्जन भी कराया लेकिन कोई काम नहीं हुआ। सोमवार दोपहर बाद सड़क के गड्ढों में मिट्टी डालकर उसे समतल करने का प्रयास किया गया लेकिन इससे भी वाहन रफ्तार नहीं पकड़ सके। लिहाजा लोग जाम से जूझते नजर आए।
चौपुला चौराहे पर काफी दिनों से फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है, जिसके कारण रामपुर दिशा की सड़क को बंद करके रेलवे कॉलोनी से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। मगर रामपुर से चौपुला की ओर आने वाली सिंगल सर्विस रोड भी वाहनों के दबाव से जर्जर हो चुकी है। सड़क के नाम पर यहां सिर्फ पत्थर और मिट्टी ही बची है। ऐसे में रामपुर की ओर से आने वाले वाहन यहां पहुंचकर रेंगने लगते हैं। इससे जाम लग जाता है। इस स्थिति से निपटने के लिए पिछले दिनों एडीजी अविनाश चंद्र ने सड़क को समतल करने के निर्देश दिए थे। इस पर सोमवार को यहां मिट्टी डालकर गड्ढों को भरने की कोशिश की गई लेकिन जर्जर सड़क पर वाहन रफ्तार नहीं पकड़ सके। सोमवार को भी दिन में यहां कई बार जाम लगा।
रविवार रात कराया गया डायवर्जन
ट्रैफिक इंस्पेक्टर दिनेश पांडेय ने बताया कि सड़क जर्जर होने के कारण चौपुला चौराहे पर ज्यादा स्टाफ की ड्यूटी लगानी पड़ती है। रविवार रात पीडब्ल्यूडी ने जर्जर सड़क को समतल कराने की बात कही तो स्टाफ लगाकर रामपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को डायवर्ट कराया गया, इसके बावजूद काम शुरू नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जब तक यह सड़क ठीक नहीं होगी, यहां जाम की दिक्कत खत्म नहीं होगी।
दो पिलर बनने के बाद मिल सकती है राहत
चौपुला चौराहे से रामपुर की ओर अभी दो पिलर बनाने का काम चल रहा है, इनका आधार तैयार कराया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि ये पिलर बनने के बाद, उनके बराबर में जगह खाली हो जाएगी तो यहां जाम की समस्या से कुछ राहत मिल सकती है।
पुल पर पड़ी निर्माण सामग्री, लग रहा जाम
जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए मंगाई निर्माण सामग्री बदायूं की ओर जाने वाले चौपुला पुल के एक किनारे सड़क पर ही डाल दी गई है। दूसरी ओर ऑटो-टेंपो वाले खड़े होकर सवारियां भरते हैं। इस वजह से वाहनों का दबाव बढ़ने पर पुल पर भी जाम लग रहा है।
लाल फाटक: सड़क के बीच बोल्डर रखकर बनाईं दो लेेन
बरेली। लाल फाटक पर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सिंगल लेन सड़क को बीच में बोल्डर रखकर दो हिस्सों में बांट दिया गया है। अब यहां दोनों दिशा के वाहन आमने-सामने न आने से जाम से राहत मिल सकेगी।
लाल फाटक पर बने नये रेलवे क्रॉसिंग की सड़क अब तक एक ही हिस्से में थी, जिससे दोनों दिशा के वाहन गुजर रहे थे। इस स्थिति में अगर कोई वाहन जल्दी निकलने की होड़ में ओवरटेक कर विपरीत दिशा में आ जाता था तो जाम लग जाता था। पिछले दिनों एडीजी अविनाश चंद्र ने यहां भी निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे। इस पर सोमवार को ट्रैफिक पुलिस ने कंक्रीट के बड़े-बड़े बोल्डर रखवाकर सड़क को दो लेन में बांट दिया। सड़क की चौड़ाई कम होने से अब यहां वाहन न तो ओवरटेक कर सकेंगे और न ही दूसरी दिशा में जा सकेंगे, इससे जाम से निजात मिल जाएगी।