शाहजहांपुर। पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री चिन्मयानंद से फिरौती मांगने के मामले में आरोपी व छात्रा के दोस्त संजय, सचिन विक्रम जेल में बंद हैं। अभी तक उनकी जमानत के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट में कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है। उधर, चिन्मयानंद की जमानत अर्जी पर बहस जारी है, जबकि छात्रा के जमानत प्रार्थना पत्र पर 29 नवंबर को बहस की तारीख तय है।
कानून के जानकारों के मुताबिक संजय, सचिन, विक्रम के परिजन अभी चिन्मयानंद और छात्रा की जमानत पर फैसले का इंतजार कर रहे हैं। उनका मानना है कि जब चिन्मयानंद और छात्रा की जमानत पर फैसला आ जाएगा, तब फिर संजय, सचिन, विक्रम की जमानत का भी रास्ता साफ हो जाएगा। बता दें कि दुष्कर्म पीड़ित और फिरौती मांगने के मामले की आरोपी छात्रा के दोस्त थाना तिलहर क्षेत्र के गांव बंथरा निवासी संजय सिंह और उसके चचेरे भाई विक्रम व गाजियाबाद का सचिन सेंगर को एसआईटी ने चिन्मयानंद से पांच करोड़ की फिरौती मांगे जाने के मामले में 20 सितंबर को गिरफ्तार कर सीजेएम कोर्ट में पेश किया था। जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था। तब से यह लोग जेल में बंद हैं। तीनों आरोपियों की जमानत के लिए सीजेएम कोर्ट में 21 सितंबर को जमानत प्रार्थना पत्र दिया गया था। जिस पर 23 सितंबर को सुनवाई के बाद कोर्ट ने तीनों की जमानत खारिज कर दी थी। इसके बाद से तीनों आरोपियों के वकील की ओर से अभी तक जमानत के लिए अर्जी नहीं लगाई गई है। वहीं एसआईटी की ओर से चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद मुकदमे की तारीख 18 नवंबर लगी है। वहीं दुष्कर्म के आरोपी चिन्मयानंद के मुकदमे की तारीख 19 नवंबर तय है।