फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: बीच सड़क पर 25 हजार रिश्वत लेते पकड़ा गया चाइल्डलाइन का कोआर्डिनेटर, हंगामा

Fri, 05 Apr 2024 05:46 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली में चाइल्ड लाइन के कोऑर्डिनेटर सौरभ गंगवार को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र के नाम पर कोऑर्डिनेटर सौरभ गंगवार और रिया ने एक व्यक्ति को जेल भिजवाने का डर दिखाकर 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
विज्ञापन
आरोपी के जेब की तलाशी लेती एंटी करप्शन टीम - फोटो : वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सरकारी विभागों में ही नहीं बल्कि जनता को न्याय दिलाने के लिए गठित संस्थाओं में भी भ्रष्टाचार का दीमक लग रहा है। बरेली में एंटी करप्शन टीम ने चाइल्ड लाइन कोआर्डिनेटर सौरभ गंगवार को बीच सड़क पर 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार करके इसका खुलासा किया है।

विज्ञापन


आर्डिनेटर ने नाबालिग किशोरी का विवाह कराने के आरोपी उसके परिजनों को धमकाकर रुपये लिए थे। टीम ने उसे पकड़ा तो खींचतान के बीच उसने सड़क पर हंगामा किया। पूछताछ में उसने चाइल्ड लाइन की काउंसलर रिया और बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र के कहने पर घूस लेने की बात कही है।

विज्ञापन


इज्जतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी की हाल ही में परिजनों ने शादी कर दी थी। बाल कल्याण समिति में इसकी शिकायत हुई थी कि बालिग होने से तीन महीने पहले ही किशोरी की शादी कर दी गई है। इसकी जांच की जा रही थी। आरोप है कि चाइल्ड लाइन का कोआर्डिनेटर सौरभ गंगवार और काउंसलर रिया किशोरी के घर पहुंच गए।

उन्होंने किशोरी के माता-पिता को धमकाया कि आपने अपनी नाबालिग बेटी की शादी की है, इसलिए आपको जेल जाना होगा। अगर जेल नहीं जाना है और काम कराना है तो 25 हजार रुपये देने होंगे। सौरभ ने कहा कि आपका काम बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र से करा दूंगा। आपको अपनी बेटी को समिति के समक्ष पेश कराना होगा। इसके लिए एक शपथ पत्र हमारे बताए अनुसार बनवाना होगा।

 

आरोपी सौरभ गंगवार - फोटो : अमर उजाला
बीच सड़क पर खींचतान, मचा हंगामा
इसी क्रम में लड़की को शुक्रवार को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। समिति के निर्देश पर सौरभ गंगवार ने शिकायतकर्ता को साथ ले जाकर नोटरी शपथपत्र बनवाया। इसके बाद सैनिक पेट्रोल पंप के पास रिश्वत के रूप में 25 हजार रुपये सौरभ गंगवार ने ले लिए। चूंकि मामले में एंटी करप्शन टीम के पास पहले से ही शिकायत हो चुकी थी तो टीम आसपास ही मौजूद थी। ट्रैप टीम प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार और उनकी टीम के सदस्यों ने बीच सड़क पर ही सौरभ को पकड़ लिया। उसकी पीछे की जेब से वही नोट बरामद किए गए जो टीम ने रखवाए थे।

शुरुआत में सौरभ माजरा समझ नहीं पाया तो उसने टीम से भिड़ने की कोशिश की। बहस होती देख मौके पर भीड़ लग गई। सादा कपड़ों में एंटी करप्शन टीम को लोग पहचान नहीं सके और दो पक्षों का विवाद समझकर वीडियो बनाने लगे। हालांकि हकीकत पता लगते ही लोग हट गए। टीम ने सौरभ के हाथ धुलवाए तो वह गुलाबी हो गए। इसके बाद टीम उसे कोतवाली ले गई, जहां उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।

सीओ एंटी करप्शन यशपाल सिंह ने बताया कि रुपये लेते पकड़े गए सौरभ के खिलाफ कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट कराई जा रही है। उसने अपनी संस्था की काउंसलर रिया और बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र का नाम लिया है। रिश्वतखोरी से जुड़े मामले में कोई भी पीड़ित पुलिस लाइन गेट के पास स्थित एंटी करप्शन थाने में शिकायत कर सकता है। अन्यथा सीओ के सीयूजी नंबर 9454405475 और प्रभारी निरीक्षक के नंबर 9454401653 पर संपर्क कर सकते हैं।
विज्ञापन

नोट गिनते दरोगा का वीडियो वायरल 
इज्जतनगर थाने के एक दरोगा का इंस्पेक्टर कार्यालय के पास रुपये लेते वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दरोगा सादा कपड़े पहने दिखाई दे रहे हैं। वह रुपये गिनते दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर चर्चा चल रही है। वीडियो कब का है, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें