पीटीआर में फेंसिंग, बरेली में बनीं 18 खगोलीय प्रयोगशालाएं
आईजी डॉ. राकेश सिंह ने परिवार परामर्श केंद्र, ऑपरेशन कंवेक्शन, गैंगस्टर, एनडीपीएस, विदेश भेजने के नाम पर ठगी, गोवध निवारण अधिनियम, ट्रैफिक व्यवस्था आदि की जानकारी मुख्यमंत्री से साझा की। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने पीलीभीत टाइगर रिजर्व में 25 किमी फेंसिंग का कार्य पूरा होने, वर्ष 2022-24 तक मंडल में 12 आकांक्षात्मक ब्लॉकों के अलग-अलग मानक में पुरस्कृत होने, बरेली में 18 खगोलीय प्रयोगशालाएं, शाहजहांपुर में गर्ल्स कैन डू कार्यक्रम संचालन की जानकारी दी।
ये भी पढ़ें- पुलिसवालों का काटा हाथ: CM योगी के मंच पर जाने पर अड़ीं दो महिलाएं, अस्पताल पहुंचीं तो आया भूत का साया! Video
रामगंगा बैराज का निर्माण पूरा कराने की मांग
सांसद छत्रपाल गंगवार ने शारदा नहर पर सड़क चौड़ीकरण, विधायक डीसी वर्मा ने डग्गामार बसों पर अंकुश लगाने, एमपी आर्य ने नवाबगंज में बस अड्डा, अप्सरा नदी के पुल और क्योलड़िया पुल के चौड़ीकरण, डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने रामगंगा बैराज परियोजना को पूरा कराने, देवचरा में सरकारी मंडी बनवाने, प्रो. श्यामबिहारी लाल ने फरीदपुर में मंडी निर्माण की मांग की। इस दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, एसएसपी अनुराग आर्य, सीडीओ जग प्रवेश, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।
इंटीग्रेटेड मुख्यालय होने से थमेगी भागदौड़
मुख्यमंत्री ने बरेली मंडल में उपलब्ध सरकारी भूमि का अभिलेख तैयार कराकर विकास प्राधिकरण को देने के लिए कहा, ताकि मंडलीय, जिला और पुलिस विभाग के दूरदराज स्थित कार्यालयों को एक छत के नीचे लाकर इंटीग्रेटेड हेडक्वार्टर बनाया जा सके। इससे फरियादियों की भागदौड़ थमेगी और कार्य तेजी से होंगे। वकीलों के लिए चैंबर, कैंटीन सुविधा मुहैया कराने, जिन ग्राम सचिवालयों में अच्छा कार्य हो वहां ग्राम उत्सव भवन बनाने के लिए कहा। एक वर्ष से ज्यादा पुराने वादों को जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए।
रोड कटिंग अगर ठीक न हो तो ब्लैकलिस्ट होगा ठेकेदार
जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों पर जनप्रतिनिधियों ने बताया कि ठेकेदार रोड कटिंग कर छोड़ दे रहे हैं। इससे आवागमन मुश्किल हो रहा है। दुर्घटना होने की भी आशंका है। मुख्यमंत्री ने ऐसे ठेकेदारों को नोटिस देने, सुधार नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। हर घर जल पहुंच रहा है या नहीं, इसकी जांच कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में यदि कुछ बैंक ऋण स्वीकृति में देरी कर रहे हैं तो अन्य बैंकों से पात्रों को ऋण मुहैया कराने के निर्देश दिए। गेहूं खरीद की भी समीक्षा की।
ई-रिक्शा का करें सत्यापन, सुधारें ट्रैफिक
एडीजी रमित शर्मा ने मुख्यमंत्री को सेफ सिटी के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अपराध पर अंकुश लगाने, ई-रिक्शा, टैक्सियों का सत्यापन कराने, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से यातायात व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए। भीड़ वाले क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग, बाॅर्डर क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने, धर्मांतरण रोकने, सोशल मीडिया की निगरानी, थाना, तहसील स्तर पर शिकायत पेटिका लगाने और प्राप्त शिकायतों का जल्द समाधान कराने, शासन से जुड़े मामलों में पत्राचार करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें- UP: 'दंगाई, कसाई, राष्ट्रवाद...' सिर्फ शब्द नहीं, ये चुनावी शंखनाद; यूपी का भविष्य अब इस विचारधारा से होगा तय!
सेटेलाइट बस अड्डे का नाम परिवर्तित करने की मांग
पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कैलाश गिरि आश्रम से अखा तक तटबंध पर सड़क बनवाने, गैनी रामगंगा के पास पुल, आंवला में रोडवेज बस स्टैंड निर्माण की मांग की। मेयर उमेश गौतम ने इज्जतनगर में रोडवेज बस अड्डे का निर्माण जल्द पूरा कराने, शहर की सीमा से सटे गांवों को नगर निगम की सीमा में शामिल कराने की मांग की। एमएलसी बहोरन लाल मौर्य ने सड़क, विद्युत आपूर्ति दुरुस्त कराने, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने सेटेलाइट बस अड्डे का नाम पंडित राधेश्याम कथावाचक के नाम पर करने की मांग की।