बरेली। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को बहेड़ी और भोजीपुरा सीट से भी प्रत्याशी घोषित कर दिए। दोनों जगह मौजूदा विधायकों को ही चुनाव मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने यहां बदलाव करने का रिस्क नहीं लिया। हालांकि दोनों विधायकों के निर्वाचन क्षेत्र आपस में बदलने की चर्चा चल रही थी।
भाजपा ने 15 जनवरी को जिले की बहेड़ी और भोजीपुरा को छोड़कर बाकी सात सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की थी। दरअसल, पार्टी बहेड़ी से बहोरन लाल मौर्या और भोजीपुरा से छत्रपाल गंगवार को चुनाव लड़ाना चाह रही थी। इस पर दोनों से बात भी की गई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। दोनों सीटों पर चर्चा के लिए भाजपा ने दिल्ली में सोमवार को बैठक की और उसमें शामिल होने के लिए सांसद संतोष गंगवार को बुलाया गया। सांसद से कहा गया कि वह दोनों विधायकों से बात करें कि वे आपस में सीट बदलकर चुनाव लड़े। सांसद ने फीडबैक दिया कि वे तैयार नहीं होंगे। इस पर पार्टी ने दोनों मौजूदा विधायकों को उनकी सीट से ही प्रत्याशी घोषित कर दिया। दरअसल, पहले दो विधायकों के टिकट काटने पर पार्टी को विरोध का सामना करना पड़ रहा है, लिहाजा पार्टी ने भोजीपुरा और बहेड़ी में बदलाव करने का जोखिम नहीं उठाया।
अब भाजपा के सभी नौ सीटों पर प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं। शहर से डॉ. अरुण सक्सेना, कैंट से संजीव अग्रवाल, बिथरी से डॉ. राघवेंद्र शर्मा, फरीदपुर से प्रो. श्याम बिहारी लाल, नवाबगंज से डॉ. एमपी आर्य गंगवार, मीरगंज से डॉ. डीसी वर्मा, आंवला से धर्मपाल सिंह, बहेड़ी से छत्रपाल गंगवार और भोजीपुरा से बहोरन लाल मौर्य चुनाव मैदान में हैं।