बहेड़ी। मुख्यमंत्री, उनके भाई और उनके सचिव से संबंध बताकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
जागनडांडी गांव के महेश पाल का कहना था कि मोहल्ला आजादनगर के नत्थू लाल और उसके पुत्र ने जमीन खरीदने की बात कहते हुए पांच लाख रुपये लिए थे। रुपये लेने से पहले चेक देने को कहा था। बाद में दोनों मुकर गए, जब उसने पैसे मांगे तब उन दोनों ने कहा कि वह उनके परिवार में से किसी एक की सरकारी नौकरी लगवा देंगे। उनके मुख्यमंत्री, उनके भाई, उपमुख्यमंत्री, अपर सचिव व आदि से सीधे संबंध हैं। पैसा देकर वह इन्हीं लोगों से नौकरी लगवाने और पेपर लीक करवाने का काम करवाते हैं। उन दोनों ने एक नंबर दिया, जब उसने भतीजे से काल लगवाई तो उक्त नंबर पर कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह चपरासी के पद पर नौकरी लगवा देगा, लेकिन उसे चार लाख रुपए और देने होंगे। तब उसने व्यवस्था करके उक्त रकम दे दी, लेकिन उसने नौकरी नही लगवाई और पैसे वापस मांगने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर कार से कुचलकर जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर मिलने पर पुलिस ने नत्थू लाल पुत्र हजारी लाल और वीरेंद्र कुमार पुत्र नत्थू लाल के खिलाफ धोखाधड़ी सहित एससी/एसटी के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इधर, बरेली इज्जतनगर के राजीव कुमार पुत्र प्रेम सिंह ने उक्त वीरेंद्र कुमार उर्फ अभिषेक पुत्र नत्थू लाल निवासी बांसबोझ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उक्त वीरेंद्र ने नौकरी लगवाने के नाम पर उनसे भी दो लाख 84 हजार रुपये ठग लिए, जो आज तक वापस नहीं किए। पुलिस ने ठगी करने वाले वीरेंद्र को जेल भेज दिया है। संवाद