बरेली। चौपुला फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराया जा रहा है। चौराहे पर पिलर के ऊपर लिंटर डालने के लिए जाल (झूला) का काम पूरा हो गया है। साथ ही एप्रोच रोड के लिए खोदाई का काम भी पूरा कर लिया गया है। अब रेलिंग लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।
पटेल चौक से चौपुला की तरफ जाने वाली सड़क पर भी चौपुला पुल का एक हिस्सा उतरेगा। इधर, सिर्फ पुल के एक स्पैन का ही काम बचा है। स्पैन के एक हिस्से में जाल तैयार किया जा रहा है। इस पर जल्द ही लिंटर डाल दिया जाएगा। इसके अलावा इसी हिस्से पर पुल की एप्रोच रोड का काम भी शुरू कर दिया गया है। सेतु निगम के डीपीएम वीके सेन ने बताया कि एप्रोच रोड के लिए खोदाई का काम पूरा हो गया है। यहां भूमिगत लाइनों को भी किनारे कर दिया गया है और साइड रेलिंग लगाने का काम हो रहा है। रेलिंग पूरी होने के बाद इसमें मिट्टी का भराव होगा। इसके बाद एप्रोच रोड का निर्माण कर दिया जाएगा।
चौकी चौराहा, सुभाषनगर पुलिया पर जाम से जूझे लोग
बरेली। सीवर लाइन बिछाने के लिए कंपनी गार्डन के पास खोदाई जारी है। इसकी वजह से चौकी चौराहे पर पूरे दिन जाम लगा रहा है। उधर, चौपुला पर आवागमन बंद होने से सुभाषनगर पुलिया पर भी लोग जाम से जूझ रहे हैं।
प्रभा टॉकीज रोड पर सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई हो रही है। वहीं चौपुला चौराहे पर निर्माणाधीन पुल के चलते ट्रैफिक चौकी चौराहा और सुभाषनगर पुलिया से होकर गुजरा जा रहा है। ट्रैफिक लोड बढ़ने से लोग इन दोनों जगह ही जाम से जूझ रहे हैं। सोमवार को भी सुभाषनगर पुलिया पर पूरे दिन ही जाम की स्थिति बनी रही। चौकी चौराहे पर भी यातायात व्यवस्था गड़बड़ रही।
सुभाषनगर ओवरब्रिजः रेलवे ने सर्वे और डीपीआर बनाने के लिए स्मार्ट सिटी से मांगे 83 लाख
बरेली। रेलवे ने सुभाषनगर पुलिया पर ओवरब्रिज बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। रेलवे के वरिष्ठ मंडल अभियंता तृतीय मुरादाबाद के पत्र पर मेयर उमेश गौतम ने स्मार्ट सिटी के सीईओ को ओवरब्रिज की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए 83 लाख का बजट जारी करने के लिए कहा है। सुभाषनगर पुलिया पर ओवरब्रिज बनने की तैयारियां तेज हो गईं हैं। पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने मेयर उमेश गौतम और स्मार्ट सिटी के सीईओ अभिषेक आनंद के साथ ही रेलवे अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर ओवरब्रिज की अनुमानित लागत का आकलन करने को कहा था। रेलवे ने मेयर और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को लिखे पत्र में ओवरब्रिज के सर्वे और डीपीआर तैयार करने को 83.36 लाख रुपये देने को कहा है। रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि बजट जितनी जल्दी मिल जाएगा, वह उतनी जल्दी ही डीपीआर तैयार करा लेंगे। सुभाषनगर पुलिया पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए राज्य सेतु निगम वर्ष 2019 में ही रेलवे के साथ सर्वे कर चुका है।