यात्रियों को प्रयागराज के लिए मिली एक और ट्रेन
बरेली। टनकपुर से बरेली जंक्शन होते हुए सिंगरौली और शक्तिनगर तक जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस मंगलवार से चलेगी। ट्रेन सुबह 8:25 बजे टनकपुर से चलकर पूर्वान्ह 11:20 बजे जंक्शन पहुंचेगी। इज्जतनगर रेल मंडल ने ट्रेन चलाने की सभी तैयारियां पहले ही कर ली हैं। फिलहाल ट्रेन अभी डीजल इंजन से ही चलेगी।
देश में 25 मार्च को लॉकडाउन होने के बाद से त्रिवेणी एक्सप्रेस का संचालन बंद है। दो जून से ट्रेनें चलनी शुरू र्हुइं तो इज्जतनगर रेल मंडल ने कई बार त्रिवेणी एक्सप्रेस को चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा। त्रिवेणी एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को टनकपुर से शक्तिनगर जाएगी और सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शनिवार और रविवार टनकपुर से सिंगरौली जाएगी। पिछले सप्ताह रेलवे बोर्ड ने त्रिवेणी एक्सप्रेस को दो फरवरी से चलाने की अनुमति दे दी। मंगलवार को त्रिवेणी एक्सप्रेस सुबह 8:25 बजे टनकपुर से चलकर खटीमा, पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली सिटी होते हुए पूर्वान्ह 11:20 बजे जंक्शन पहुंचेगी। पांच मिनट रुकने के बाद लखनऊ की ओर रवाना होगी। त्रिवेणी एक्सप्रेस चलने से प्रयागराज के यात्रियों को एक और ट्रेन मिल गई है। अभी तक मेरठ सिटी-प्रयाग नौचंदी एक्सप्रेस, प्रयाग एक्सप्रेस और प्रयाग-हरिद्वार ट्रेनें ही चल रही थीं। अब त्रिवेणी एक्सप्रेस के चलने से यात्रियों को राहत मिलेगी। जंक्शन पर करीब 90 यात्रियों ने ट्रेन से प्रयागराज, लखनऊ आदि स्टेशनों के लिए रिजर्वेशन कराया है।
साधारण किराए पर चलेगी त्रिवेणी एक्सप्रेस
रेलवे ने त्रिवेणी एक्सप्रेस चलाने के साथ ही यात्रियों को एक और राहत दी है। ट्रेन साधारण किराए पर ही चलेगी। हालांकि ट्रेन के नंबर शून्य से शुरू होंगे लेकिन यह ट्रेन कोविड स्पेशल नहीं होगी। अभी तक रेलवे ने तीन गुना किराए के साथ ही ट्रेनें चलाई हैं, इससे यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ा है।