पिछले वर्षों की तर्ज पर ‘रंग में भंग’ पड़ने की आशंका से लिया निर्णय
बरेली। नए वर्ष के स्वागत के लिए बरेली क्लब में जोर शोर से तैयारियों का दौर जारी है। पिछले साल की तरह ही इस बार भी क्लब के जश्न में मेंबर के अलावा कोई और शरीक नहीं हो पाएगा। बरेली क्लब के सचिव कर्नल सुनील ढींगरा ने बताया कि पिछले वर्षों में अनुशासनहीनता की वजह से इस बार भी माहौल को शांतिपूर्ण और मनोरंजक बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
रविवार को क्लब परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में क्लब डायरेक्टर विजय कपूर ‘टोनी’ ने बताया कि नए साल के जश्न में क्लब मेंबर्स समेत पुलिस, प्रशासन के आमंत्रित अतिथि ही शामिल हो सकेंगे। बताया कि 31 दिसंबर को नए साल के स्वागत के लिए रंगारंग कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें मुंबई का बैंड रहेगा और एंकर शिल्पा अपनी जुगलबंदी से लोगों का मन मोह लेंगी। साथ ही, कई विविध लजीज पकवानों का लुत्फ लोग ले सकेंगे। डायरेक्टर राजा चावला ने बताया कि इस बार का आयोजन पिछले आयोजन से ज्यादा शानदार रहेगा। मेंबर्स अपने फैमिली के साथ शामिल होंगे और सभी को निर्धारित ड्रेस कोड में ही आना जरूरी है। लेकि न वे अपने साथ किसी अतिथि को लेकर कार्यक्रम में नहीं आएंगे।
नियॉन और डिस्को थीम पर होगा जश्न
नए साल की पूूर्व संध्या पर होटल पंचम में अबकी बार नियॉन और डिस्को थीम पर पार्टी में रंग जमेगा। डायरेक्टर अंकुर बिग और पूजा बिग ने प्रेसवार्ता में बताया कि स्टेटस हब पव में नियॉन थीम पर सजावट होगी। यहां डीजे म्यूजिक, सेल्फी बूथ, वेज और नॉनवेज स्नैक्स और फूड का लुत्फ लोग उठा सकेंगे। वहीं, बंधन समारोह हॉल, लॉन में डिस्कोडांस थीम पर सजावट होगी। डीजे की धुन पर लोग थिरकेंगे। सेल्फी बूथ भी रहेगा। यहां एंकर कार्यक्रम में समां बांधेंगी। दोनों ही हॉल में सिर्फ कपल्स की इंट्री होगी। साथ ही, बेस्ट ड्रेस (मेल, फीमेल), कपल बेस्ट डांस, बेस्ट ड्रेस किड प्रतियोगिता भी होगी।