बरेली के सुभाष नगर निवासी सीसीटीवी तकनीशियन कौशल कुमार का शव सोमवार को उसके घर में दुपट्टे के सहारे कुंडे से लटका मिला। परिवार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्रेम-प्रसंग में अवसाद की वजह से मौत का मामला माना जा रहा है। पुलिस जांच कर रही है। कौशल की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुभाषनगर थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन ने बताया कि कालीचरण मार्ग पर वाजपेयी कारखाने वाली गली में सोमवार शाम चार बजे 21 वर्षीय कौशल कुमार का शव उसके छत के कमरे में फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही थाना पुलिस पहुंच गई और जानकारी जुटाई। पता लगा कि कौशल सीसी कैमरा इंस्टॉलेशन का काम करता था।
उसके पिता कारीगर हैं। परिवार में मां और छोटी बहन हैं। छत के कमरे में फंदा लगाने की वजह से नीचे घर में मौजूद लोगों को देर से जानकारी हो सकी। परिवार के लोगों ने आत्महत्या की कोई वजह जानकारी में न होने की बात कही। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि कौशल एक युवती से प्रेम करता था, शायद अवसाद की वजह से उसने ऐसा किया होगा।