तीसरे व चौथे सोमवार पर विशेष चौकसी
डीजीपी ने कहा कि सावन के तीसरे और चौथे सोमवार को सर्वाधिक भीड़ रहती है। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात और पुलिस बल की तैनाती की विशेष समीक्षा की गई है। अन्य आयोजनों को भी ध्यान में रखकर योजना बनाई गई है। पुलिस-प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित होगी।
नौ जिलों के 4700 कैमरे कंट्रोल रूम से जुड़े
पुलिस लाइन में बृहस्पतिवार को डीजीपी ने जोनल कंट्रोल रूम का शुभारंभ किया। बरेली व मुरादाबाद मंडल में लगे करीब 4700 सीसी कैमरों का एक्सेस इसमें जोड़ा गया है। यहां से अत्याधुनिक तकनीक और एआई (कृत्रिम बुद्धिमता) के जरिये कांवड़ यात्रा व मंदिरों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी।
अपराध नियंत्रण में तकनीक व एआई का प्रयोग पुलिस पहले ही शुरू कर चुकी है। यक्ष व गांडीव जैसे अत्याधुनिक पोर्टल अब वारदात के खुलासे में मददगार साबित हो रहे हैं। एडीजी जोन रमित शर्मा ने बरेली पुलिस लाइन में जोन स्तरीय कंट्रोल रूम तैयार करने का जिम्मा एसएसपी अनुराग आर्य की टीम को दिया था, जो बृहस्पतिवार को साकार नजर आया। इस कंट्रोल रूम में दस केबिन बनाए गए हैं। इनमें से एक बरेली यातायात पुलिस का और बाकी नौ बरेली व मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों के हैं।
सातों दिन 24 घंटे रहेगी निगरानी
एडीजी कार्यालय से जिलावार इस कंट्रोल रूम में पुलिसकर्मियों की तीन पालियों में ड्यूटी लगाई गई है। हर जिले के केबिन में उसी जिले के दो पुलिसकर्मी आठ घंटे ड्यूटी करेंगे। अपने नए साथियों के आने पर ही ये कंट्रोल रूम को छोड़ सकेंगे।
पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान अपने जिलों के धर्मस्थलों, घाटों व संवेदनशील स्थानों पर लगे कैमरों की निगरानी करेंगे। अपने जिलों के जत्थों से जुड़े नोडल पुलिसकर्मियों से मिली सूचना पर काम करेंगे। जिले से संबंधित कॉल अटेंड कर सूचना नोट करेंगे और जरूरत पर दूसरे जिलों के स्टाफ से मदद लेंगे।
कंट्रोल रूम के एक्सेस में कुल सीसी कैमरों की संख्या 4700 से ज्यादा है, लेकिन करीब 1500 कैमरों की निगरानी ज्यादा रहेगी। इसमें बरेली शहर के ही 273 कैमरे शामिल हैं। मुरादाबाद रेंज के करीब 700 व बरेली रेंज के 800 कैमरे हर वक्त निगरानी में रहेंगे।
कांवड़ियों को दिक्कत हो तो इस नंबर पर करें कॉल
इस अत्याधुनिक कंट्रोल रूम का नोडल अधिकारी एसपी यातायात बरेली अकमल खान को बनाया गया है। बरेली की एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा भी एआई व तकनीक संबंधी मामले में उनका सहयोग करेंगी। अकमल खान ने बताया कि बरेली में सावनभर कांवड़ियों व मंदिरों में दर्शन करने वाले अन्य श्रद्धालुओं की खासी संख्या रहती है।
ऐसे में जाम या किसी अन्य तरह के अवरोध की स्थिति में लोग सीधे बरेली कांवड़ कंट्रोल रूम के सीयूजी नंबर 9760160112 पर कॉल कर सकते हैं। शिकायत व सुझाव हर समय सुने जाएंगे और यथासंभव निस्तारण भी किया जाएगा।
सेवानिवृत्त पुलिस पोर्टल का शुभारंभ
सर्किट हाउस से डीजीपी राजीव कृष्ण एडीजी के साथ उनके कार्यालय आए। यहां उन्होंने जोनल कार्यालय में सेवानिवृत्त पुलिस पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों एवं उनके आश्रितों के कल्याण, सुरक्षा और विभाग के साथ निरंतर संवाद-समन्वय बनाए रखने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
डीजीपी ने इसके लिए एडीजी रमित शर्मा व उनकी टीम की सराहना की। इससे पहले सर्किट हाउस में मुख्य सचिव एसपी गोयल ने मंच से कहा कि एडीजी ने लगातार बैठक कर दोनों मंडलों के बीच समन्वय स्थापित किया। दोनों मंडलों के कमिश्नरों और अधिकारियों ने बेहतर व्यवस्था बनाई है। इसी वजह से यह आयोजन सफल रहेगा। मुख्य सचिव व डीजीपी ने पुलिस लाइन में पौधरोपण किया।