जीआरएम की नंदिनी अग्रवाल 99.2 अंक पाकर बनीं जिला टॉपर
बरेली। सीबीएसई दसवीं का परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित हो गया। इस बार भी बेटियों ने अपनी सफलता के झंडे गाड़े। जिले में टॉप थ्री पर बेटियों का ही कब्जा रहा। जीआरएम की नंदिनी अग्रवाल जिला टॉपर रही हैं। इसी कॉलेज की मनस्वेता आनंद 99 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे व्यास वर्ल्ड स्कूल की निष्ठा सिंह 98.4 फीसदी अंक पाकर तीसरे स्थान पर रहीं।
परीक्षा परिणाम को लेकर अबकी कई बार असमंजस की स्थिति रही। पहले 11 बजे रिजल्ट आने की बात कही गई, फिर बताया गया कि रिजल्ट दोपहर 12 बजे आएगा, लेकिन करीब एक बजे बोर्ड ने सभी स्कूलों को मेल पर रिजल्ट भेजा। दो बजे तक जिले में टॉपर की स्थिति स्पष्ट हो गई। कोरोना संक्रमण के चलते इस बार रिजल्ट आने पर स्कूलों में सन्नाटा रहा। परिणाम घोषित होने के बाद स्कूल प्रबंधन ने सिर्फ टॉपर छात्र-छात्राओं को ही अभिभावकों के साथ स्कूल बुलाया और मिठाई खिलाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।