एसपी (क्राइम) ने सीबीआई (इंटरपोल) से स्विट्जरलैंड से आए ईमेल का सोर्स ढूंढने में मदद मांगी थी। बुधवार को सीबीआई दिल्ली का जवाब आया है, इसमें उन्होंने सीधी मदद से इंकार कर दिया है। सुझाव दिया है कि मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स के जरिये इस प्रकरण में मदद की गुंजाइश हो सकती है। लिहाजा एसपी (क्राइम) रमेश भारतीय अब मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स को पत्र लिख रहे हैं।
स्विट्जरलैंड के आईपी एड्रेस से मेयर उमेश गौतम को भेजी गई जान से मारने की धमकी की छानबीन के लिए एसपी (क्राइम) ने सीबीआई (इंटरपोल) से मदद मांगी थी। इससे पहले साइबर सेल ने स्विट्जरलैंड पुलिस से मदद मांगी थी, लेकिन वहां से कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद कंप्यूटर संबंधित समस्या को सुलझाने वाली कंपनी शॉर्ट्स से भी संपर्क किया गया, लेकिन समस्या का हल नहीं मिला। इसके बाद सीबीआई (इंटरपोल) को पत्र लिखा गया था।
यह है पूरा मामला
मेयर उमेश गौतम को उनके ईमेल पर आठ जनवरी की रात मेल आया। यह मेल प्रोटोनमेल डॉट कॉम से भेजा गया था। मेल में उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। जब उन्होंने इस ईमेल के आईपी एड्रेस के बारे में पता कराया तो यह स्विट्जरलैंड का निकला। इसके बाद उन्होंने एसएसपी जोगेंद्र कुमार से शिकायत की। एसएसपी ने एसपी क्राइम को मामले की जांच सौंपी थी।