संपूर्ण समाधान दिवस : पांच तहसीलों में आईं 229 शिकायतें, 203 शिकायतों को नहीं निकला समाधान
नवाबगंज/बहेड़ी/फरीदपुर/मीरगंज/आंवला। पांच तहसील के सभागारों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जमीन और रास्तों पर कब्जे के मुद्दे छाए रहे। वहीं, नवाबगंज में एक शिकायतकर्ता ने राशन कार्ड बनवाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। मामले में एसडीएम नवाबगंज ने जांच बैठा दी है। इस तरह पांच तहसीलों में 229 शिकायतें आईं। 26 शिकायतों का मौके पर निवारण कर 203 शिकायतकर्ताओं को वापस लौटा दिया गया।
नवाबगंज में आयोजित जनसुनवाई में 63 शिकायतें दर्ज हुईं, जिसमें तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। एसडीएम उदित पंवार और तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सुनवाई हुई। सोरहा गांव के ग्राम प्रधान सुंदर लाल ने ग्रामीणों के साथ शिकायत की कि गांव के कुछ लोग सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कराने के फिराक में है। ग्रामीण विरोध करते हैं तो वे लोग झगड़े पर आमादा हो जाते हैं।
खतौआ गांव के सदीक अहमद ने शिकायत की कि उनका राशन कार्ड अभी तक नहीं बना है। जब भी वह राशन कार्ड की जानकारी लेने सप्लाई आफिस जाते हैं तो उनसे रिश्वत की मांग की जाती है। एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक को जांच के आदेश दिए हैं। नगर के मोहल्ला दयालपुर निवासी मैनाज ने शिकायत की कि उनकी सास कुंवरा की मौत 25 जनवरी 2024 को हो चुकी है। उनके मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कराने को छह मार्च 2025 को दिया है। नगरपालिका में तैनात एक कर्मी उनसे बार बार रुपये मांग रहा है। मना करने पर उसके अभिलेखों को फेंक दिया। भौआ बाजार गांव के विश्राम सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके गांव में कुआ और ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है। एसडीएम ने सभी मामलों में जांच के आदेश दिए हैं।
केसर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज बनाने की मांग
बहेड़ी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 72 शिकायतें आई, जिसमें से 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। एडीएम फाइनेंस संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। किसान नेता सीतारामकश्यप के साथ पहुंचे नगर के अन्य लोगों ने केसर रेलवे क्रॉसिंग और रिछा स्टेशन के रेलवे क्रॉसिंग पर पांच-पांच घंटे जाम लगने की शिकायत की। इन दोनों क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज बनाने की मांग की। राकेश गंगवार ने केसर चीनी मिल से बकाया गन्ना मूल्य भुगतान दिलाए जाने की मांग की। इस मौके पर एसडीएम इशिता किशोर, एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।
25 शिकायतों में से तीन का निस्तारण
फरीदपुर के तहसील सभागार में उप जिलाधिकारी मल्लिका नैन की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। इसमें 25 शिकायतें दर्ज हुईं। मौके पर तीन शिकायतो का निस्तारण कर दिया गया। मीरगंज में एसडीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में 26 शिकायतें सुनी गईं। मौके पर पांच शिकायतों का निस्तारण किया गया। सबसे अधिक शिकायतें जमीन पर अवैध कब्जों को लेकर 15 शिकायते पंजीकृत हुईं। वहीं, पुलिस की चार, आपूर्ति की चार और विद्युत की कुल तीन शिकायतें पंजीकृत हुईं। आंवला में 43 शिकायतों में से तीन शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण कराया गया। सबसे ज्यादा 12 शिकायतें राजस्व व 12 पुलिस से संबंधित रही। इनमें स्मार्ट मीटर लगने के बाद खपत से आ रहे ज्यादा बिल व भूमि विवादों की शिकायतें थीं।
रेवती गांव की प्रेमवती ने गांव के सार्वजनिक रास्ते के सीसी रोड को तोडकर समरसेबिल का वोरिंग कर नल लगाने, कस्बे मोहल्ला पक्का कटरा किसान टोला निवासी अधिवक्ता नरेश राजपूत द्वारा वीरपुरा गांव से अलीनगर की ओर जाने वाले रास्ते में लगे सरकारी नलकूप की खाली जमीन पर जेई द्वारा सांठगांठ कर विपक्षी द्वारा कब्जा कराने की शिकायतें शामिल रही। संवाद