मीरगंज। शाही थाना क्षेत्र के दुनका गांव में बिजली लाइन ठीक कर रहे संविदा कर्मियों को पीटने के मामले में पुलिस ने दो लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
संविदा कर्मी लायक राम यादव, हरप्रसाद, जितेंद्र और राजेंद्र कुमार ने दुनका पुलिस चौकी पर तहरीर देकर बताया कि वे सोमवार रात डंपर से खंभा टूटने के बाद मंगलवार को लाइन ठीक करने पहुंचे। तभी आरोपियों ने दुकान के छज्जे के पास से तार निकालने से मना कर दिया।
आरोप है कि गांव के मोनिस और उसके भाई ने उनसे गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में लायक राम यादव, हरप्रसाद और राजेंद्र कुमार घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। राजेंद्र कुमार का आरोप है कि उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित भी किया गया। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खंभा टूटने से पटेल नगर में नहीं आई बिजली : कस्बा दुनका में सोमवार की रात डंपर की टक्कर से टूटे खंभे का मरम्मत अभी तक नहीं हो सका है। इससे मोहल्ला पटेल नगर की बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी है। बिजली उपकेंद्र जाफरपुर के एसडीओ विशाल कंसल ने बताया कि कर्मचारियों को मौके पर भेजकर लाइन ठीक कराने के निर्देश दिए गए है। सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर डंपर की खोजबीन कराई जा रही है।