आंवला। एक विवाहिता की शिकायत पर दहेज उत्पीड़न, जहरीला पदार्थ खिलाकर जान से मारने की कोशिश, सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश और साक्ष्य मिटाने के आरोप में पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवाहिता का पति मुरादाबाद में ट्रैफिक पुलिस में तैनात है।
विवाहिता ने बताया कि प्रेमी द्वारा यौन शोषण के बाद शादी से इन्कार करने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। इसके बाद आरोपी ने उससे एक साल पहले जून में शादी की थी। उसके बाद से ही उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। ससुराल पक्ष के लोग उससे 20 लाख रुपये नकद और एक कार की मांग कर रहे थे। शिकायत करने पर पति वर्दी का रौब दिखाकर उसे डराता-धमकाता था।
इस दौरान नंदोई ने उसके साथ दुष्कर्म की भी कोशिश की। पति ने उसके साथ मारपीट भी की। विवाहिता ने दस अप्रैल को ससुराल पक्ष पर जबरन हाथ-पैर बांधकर जहरीला पदार्थ खिलाने और आग लगाकर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने उसे बचाया। इंस्पेक्टर बीनू चौधरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इधर, नारी शक्ति सम्मान की अध्यक्षा ने विवाहिता को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।