भवाली (नैनीताल)/ भुता। बरेली से कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार बुधवार देर रात करीब एक बजे कैंची धाम के पास निगलाट में अनियंत्रित होकर 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में भुता के मनकापुर निवासी श्रद्धालु संदीप शर्मा की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
कार के खाई में गिरने की सूचना पर भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम पहुंची और डेढ़ घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई से श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। हादसे में संदीप शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भुता के शेखापुर निवासी घायल अनुज तिवारी (29) (वाहन चालक), रवि और संचित तिवारी (26) और मनकापुर निवासी सनी (23) को भवाली सीएचसी पहुंचाया गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी को हल्द्वानी हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सीओ विनय सिंह ने बताया कि घटना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर मौके पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पैरापिट तोड़ते हुए खाई में गिरा वाहन : बुधवार देर रात एक बजे कैंची धाम से महज डेढ़ किमी पहले ही कार अनियंत्रित होकर पैरापिट तोड़कर खाई में जा गिरी। संदीप के दोस्तों ने कहा कि वह लोग बाबा के दर्शन के लिए आ रहे थे लेकिन अचानक वाहन खाई में जा गिरा। साथी की जान जाने के बाद सभी दोस्त भावुक नजर आए। निगलाट में जिस जगह कार खाई में गिरी उस जगह पैरापिट लगे हुए थे।