बरेली। शादी में शामिल होकर बुधवार रात दो बजे फतेहगंज पश्चिमी से उत्तराखंड के रुद्रपुर लौट रहे धागा फैक्ट्री के प्रबंधक की कार शीशगढ़ क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी मिक्सर मशीन में घुस गई। इससे प्रबंधक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है।
रुद्रपुर के औद्योगिक क्षेत्र में गणेशा इको स्पेयर पार्ट्स नाम से धागा बनाने वाली फैक्ट्री है। इसमें कानपुर के गोविंद नगर गुजेनिया निवासी 62 वर्षीय सतीश शर्मा प्रबंधक थे। बिहार के जिला सीवान के हरपुर बदरिया निवासी 28 वर्षीय जयचंद मैकेनिकल इंजीनियर और रुद्रपुर कोतवाली के फाजलपुर महरौला निवासी 35 वर्षीय अनिल गुप्ता सीनियर फिटर थे। कंपनी कर्मचारी अरविंद ने बताया कि वह सभी रुद्रपुर से कार से बुधवार शाम फतेहगंज पश्चिमी आए थे। फैक्ट्री में तैनात साथी हरबंस के भाई की शादी में वह शामिल हुए। दावत खाने के बाद रात करीब दो बजे रुद्रपुर लौट रहे थे।
फतेहगंज पश्चिमी से धनेटा रोड होकर उन्हें शीशगढ़ के रास्ते रुद्रपुर जाना था। शीशगढ़ से चार किमी पहले बूंची गांव में उनकी कार अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे खड़ी मिक्सर मशीन में जा घुसी। इससे कार सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार दो अन्य लोग भी घायल हुए, जबकि ड्राइवर फरार हो गया। शीशगढ़ थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद मृतकों के नाम पते की जानकारी हो सकी, तब उनके परिजनों व कंपनी प्रबंधन को सूचना दी गई।
पहले पोल से टकराई फिर मशीन में घुसी तेज रफ्तार कार
शीशगढ़। जिस तरह सड़क हादसा हुआ, उससे साफतौर पर लग रहा था कि कार चालक को नींद की झपकी आने या फिर नशे की वजह से घटना हुई होगी। पुलिस ने भी कार के मुआयना व स्थानीय ग्रामीणों से जानकारी जुटाने के बाद यही बताया। इंस्पेक्टर ने कार को खिंचवाया। उन्होंने बताया कि कार पहले गलत दिशा में जाकर पोल से टकराई, फिर अनियंत्रित होकर मिक्सर मशीन में घुस गई। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के वक्त कोहरा भी नहीं था। मिक्सर मशीन सड़क किनारे से कुछ काफी दूर थी।
पुलिस आने से पहले ड्राइवर फरार
शीशगढ़। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन की मौत हो गई। दो लोग घायल हुए। इनमें से ड्राइवर को मामूली चोट लगी। ग्रामीणों के जुटने पर वह मौके से खिसक गया। इंस्पेक्टर के मुताबिक हो सकता है कि ड्राइवर नशे में रहा हो और उसे कार्रवाई होने का डर सता रहा हो। वहीं दूसरा घायल रुद्रपुर निवासी इसी फैक्ट्री का कर्मचारी जोगेंद्र था, जिसे तुरंत बरेली भेज दिया। वह प्राथमिक उपचार के बाद रुद्रपुर चला गया।