फतेहगंज पूर्वी। नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार की देर रात बाकरगंज मोड़ के सामने बरेली से एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर प्रयागराज जा रहे लोगों की कार अनियंत्रित होकर खाई में जाकर पेड़ से टकरा गई। इसमें सवार सभी छह लोग सत्यम सिंह, अजय,सोनू, अमन, सिद्धार्थ निवासी प्रयागराज गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल भिजवाया है, जहां कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि प्रयागराज से अपने एक रिश्तेदार की शादी समारोह में ये लोग कार से बरेली आए थे। उसके बाद वह सभी लोग वापस जा रहे थे। तभी किसी वाहन को बचाने के चक्कर में उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में चली गई और एक पेड़ से जाकर टकरा गई। कार में सवार सभी लोग गंभीर घायल हो गए। वहीं, कार का एक्सीडेंट होने के बाद उसमें आग लग गई थी। वहां मौजूद ढाबा पर लोगों ने पाइप द्वारा पानी डालकर आग बुझाई। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। संवाद