बरेली। बरेली क्लब लिमिटेड की ओर से वार्षिक फ्रेंडली टी-20 क्रिकेट मैच का आयोजन शनिवार को बरेली क्लब मैदान पर किया गया। इसमें डिफेंस इलेवन ने सिविलियन इलेवन को 22 रनों से पराजित किया।
टॉस जीतकर डिफेंस इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। डिफेंस इलेवन ने निर्धारित ओवरों में 197 रन बनाए। कप्तान तख्त सिंह राठौर ने 53 गेंदों में छह छक्कों की मदद से 83 रनों की शानदार पारी खेली। लेफ्टिनेंट कर्नल हिम्मत सिंह ने 34 गेंदों पर तीन छक्कों सहित 39 रन बनाए। सिविलियन इलेवन की ओर से प्रियांक खंडेलवाल ने 31 रन देकर दो और शिवांक खंडेलवाल ने 36 रन देकर एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिविलियन इलेवन की टीम ने संघर्ष किया, लेकिन 174 रन ही बना सकी। टीम की ओर से मयंक सिंह ने 32 गेंदों में चार छक्कों के साथ 65 रन की तेज पारी खेली। डिफेंस इलेवन की ओर से गेंदबाजी में लेफ्टिनेंट कर्नल हर्ष अवस्थी (2/24) और कर्नल पंकज पंत (2/30) ने शानदार प्रदर्शन किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुरस्कृत
मैच के अंत में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कप्तान तख्त सिंह राठौर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मनीष सहगल को सर्वश्रेष्ठ फील्डर और कर्नल पंकज पंत को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला। फेयर प्ले अवॉर्ड महापौर उमेश गौतम को दिया गया।
इस अवसर पर उत्तर भारत मुख्यालय के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल इरविंदर सिंह गिल (वीएसएम) और महापौर उमेश गौतम विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मैच में कमेंट्री राजीव गुप्ता, आनंद प्रकाश गोयल और अजय शुक्ला ने की। उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए क्लब सचिव लेफ्टिनेंट कर्नल कमलजीत सिंह और क्लब स्टाफ की सराहना की गई। इस दौरान क्लब के निदेशक मंडल के सदस्य राजा चावला, अनंत बीर सिंह, सौरभ मेहरोत्रा, विपिन अग्रवाल और मनीष सहगल आदि उपस्थित रहे।