पानी की पाइप लाइन दुरुस्त करते जलकल के कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बरेली। जलकल विभाग की लापरवाही से घरों में पानी भरने से जोगी नवादा में भाजपा नेता के घर समेत चार मकान दरक गए हैं। जोगी नवादा में घरों में पानी की सप्लाई के लिए जलकल पाइप लाइन बिछा रहा है। गली के अंत में पाइप पर कर्मचारी कैप लगाना भूल गए। टेस्टिंग के लिए पाइपलाइन में जलापूर्ति शुरू की गई तो पहले गली में जलभराव हुआ और फिर चार घरों में पानी भर गया। जिससे उनकी दीवारें दरक गईं। इससे लोगों में आक्रोश है। भाजपा नेता ने जलकल कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग एसएसपी से की है।
जोगी नवादा में भाजपा पिछड़ा वर्ग के क्षेत्रीय प्रभारी सुरेश राठौर के घर के पास तक बिछाई गई वाटर लाइन में जलकल विभाग ने कैप नहीं लगाया। इससे यहां टेस्टिंग के दौरान पानी भरता रहा और भाजपा नेता समेत चार लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचा है। सुरेश राठौर ने बताया कि मोहल्ले में कई दिनों से पाइप लाइन बिछाई जा रही थी। कुछ दिनों पहले लाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया गया और सुबह शाम टेस्टिंग की जा रही थी। पाइप से पानी निकलते हुए मकान के पीछे भरता रहा। इससे नींव में पानी भरने से उनके मकान में फर्श, दीवारे चटक गई है। छत के लिंटर और दीवारों के बीच में भी दरार आने लगी है। इसे लेकर उन्होंने जलकल विभाग से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने एसएसपी को फोन कर मामले की जानकारी दी है। भाजपा नेता का कहना है कि वह लापरवाह कर्मियों और ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे। कहा कि मकान गिर न जाए इस डर से वह दो दिनों से अपने मकान में नहीं रह रहे हैं। परिवार समेत दूसरे मकान में रह रहे हैं। इसके अलावा मोहल्ले के तेजराम राठौर, छेदालाल राठौर, राममूर्ति लाल के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। जलकल विभाग के महाप्रबंधक राकेश कुमार यादव ने बताया कि वहां जेई लक्ष्मी राठौर काम करा रहे थे। जलभराव होने से मकान दरकने की जानकारी उन्हें नहीं है। वह जेई से इस मामले में रिपोर्ट लेंगे।