फतेहगंज पश्चिमी। नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा से पहले मौजूद एक मेडिकल कॉलेज के सामने एक तेज रफ्तार कैंटर ने रोड पार कर रही महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे को अंजाम देकर भाग रहे कैंटर चालक को पुलिस ने टोल पर रोककर पकड़ लिया है।
थाना शीशगढ़ के गांव पदमी निवासी 36 वर्षीय देववती अपने पति सुरेश और 12 वर्षीय बेटे पंकज के साथ एक मेडिकल काॅलेज दवा लेने जा रही थी। मेडिकल काॅलेज के सामने ऑटो से उतरकर तीनों रोड पार करके मेडिकल काॅलेज में जा रहे थे। तभी रामपुर की ओर से आ रही कैंटर ने देववती को कुचल दिया। इससे देववती की मौत हो गई। सामने पत्नी और मां की मौत होने से चार कदम पीछे चल रहे महिला का पति सुरेश कुमार और बेटा पंकज कुमार चक्कर खाकर गिर गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। संवाद