बरेली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से लेखपाल भर्ती परीक्षा का आयोजन बृहस्पतिवार को जिले के 37 केंद्रों पर किया गया। इसमें पंजीकृत 16,968 में से 14309 यानी 85 फीसदी से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए। 2,659 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। रिठौरा के दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक आशीष कुमार सिंह ने बताया कि पंजीकृत 528 में से 447 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा से पहले संघन तलाशी ली गई। छात्र-छात्राओं के कड़े, चूड़ी, चेन आदि सामग्री उतरवाई गई। जो अभ्यर्थी जूते पहनकर आए थे, उनकी अलग से तलाशी ली गई। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर आसान नहीं रहा। परीक्षा में सामान्य हिंदी, गणित, सामान्य ज्ञान और सामाजिक विकास से जुड़े प्रश्न पूछे गए। इस बार अभ्यर्थियों के लिए कंप्यूटर साइंस के प्रश्नों को हल करना मुश्किल रहा। उनको निगेटिव मार्किंग का डर भी सताता रहा।
अभ्यर्थी बोले- औसत से कठिन रहा प्रश्नपत्र
मेरी तैयारी ठीक थी, लेकिन परीक्षा का स्तर कठिन रहा। कंप्यूटर के प्रश्न काफी मुश्किल रहे। कुल मिलाकर प्रश्नपत्र औसत से कठिन रहा। - गणेश शुक्ला, हरदोई
दो साल से तैयारी कर रहा हूं। सामान्य ज्ञान और गणित के प्रश्नों का स्तर ठीक था। कंप्यूटर के सवाल कठिन होने के कारण छोड़ने पड़े। - विशेष कुमार, मुरादाबाद
हिंदी और सामान्य ज्ञान के प्रश्न बेहद आसान रहे, पर कंप्यूटर के सवाल कठिन रहे। निगेटिव मार्किंग के डर से सभी प्रश्न नहीं कर सका। - अमित गौतम, संभल
गणित के प्रश्न आसान रहे। पहले से अच्छा अभ्यास किया था, सामान्य ज्ञान के सवालों को भी हल किया। कंप्यूटर वाला भाग मुश्किल रहा। - निरुपण कुमार, मुरादाबाद