बरेली। डीएम जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने स्वास्थ्य विभाग को मदरसों में टीकाकरण शिविर लगाकर वहां पढ़ रहे 14 से 18 आयु तक के विद्यार्थियों को कोरोना वैक्सीन लगाने का निर्देश दिया है। उन्होंने प्रधानाचार्यों को टीकाकरण से वंचित विद्यार्थियों की सूची भी तैयार करने को कहा है।
कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को मदरसों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के वैक्सीनेशन की समीक्षा के लिए हुई बैठक में डीएम ने सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह को मदरसों में ही शिविर लगाकर वैक्सीनेशन कराने के निर्देश दिए। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को मदरसों में 14 से 18 वर्ष आयु के टीकाकरण से वंचित विद्यार्थियों की सूची भी तैयार करने के निर्देश दिए ताकि उसके आधार पर स्वास्थ्य विभाग शिविर का आयोजन कर सके।
मदरसों के प्रधानाचार्यों से 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे लोगों को वैक्सीन लगवाने को कहा जिन्हें अब तक वैक्सीन की पहली डोज भी नहीं लगी है। मुख्य विकास अधिकारी चंद्रमोहन गर्ग के मुताबिक अब तक जिले के सभी विद्यालयों के 14 से 18 वर्ष आयु के करीब 1.65 लाख बच्चों को वैक्सीन लगाई गई है। बैठक में एडीएम सिटी डॉ. आरडी पांडेय, डॉ. नसरुद्दीन, डॉ. इरशाद समेत मदरसों के प्रबंधक और प्रधानाचार्य मौजूद रहे।