श्यामगंज, सेटेलाइट और बीसलपुर चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस ने सड़क किनारे खड़े बस और ट्रक हटवाए
बरेली। डीआईजी की चेतावनी के बाद सुस्त पड़ी ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को श्यामगंज और सेटेलाइट समेत आसपास के इलाके में सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे बस और ट्रकों को हटवाकर सौ से ज्यादा वाहनों के चालान भी किए गए।
सभी प्रमुख रास्तों पर निर्माण कार्य होने की वजह से इन दिनों जाम की समस्या आम हो गई है। इसके बावजूद सड़क के दोनों किनारों को घेरकर बस, ट्रक और ऑटो खड़े कर दिए जाते हैं। इससे जाम की समस्या और ज्यादा बढ़ रही है। श्यामगंज से सेटेलाइट रोड, पीलीभीत, बीसलपुर आदि रोड के किनारे बसों व ट्रकों को खड़ा करने की लगातार शिकायतें मिलने के बाद डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने गुरुवार को फोन पर एसपी ट्रैफिक एससी गंगवार को व्यवस्था दुरुस्त न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इस पर शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस सक्रिय हुई और अभियान चलाकर सेटेलाइट, श्यामगंज और बीसलपुर चौराहे के पास से बस और ट्रक हटवाए। टीआई परवेज अली और दिनेश कुमार पांडेय की टीमों ने सेटेलाइट से अलग-अलग रास्तों पर अभियान चलाकर सौ से ज्यादा वाहनों का चालान किया।