थाना, एसडीएम और सीओ आवास के सामने से निकला जुलूस
जुलूस निकल जाने के बाद पुलिस ने राहगीरों पर भांजी लाठियां
बहेड़ी। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में सोमवार शाम नगर में निषेधाज्ञा तोड़कर जुलूस निकाला गया। सैकड़ों लोग हाथों में बैनर, पोस्टर, मशाल और कैंडल लेकर नैनीताल रोड पर एकत्र हुए और फिर जुलूस निकाला। जुलूस नैनीताल रोड से शुरू होकर थाना गेट, एसडीएम और सीओ आवास के सामने से होकर पूरे नगर से गुजरा और फिर नैनीताल रोड पर जाकर खत्म हो गया। इस दौरान पुलिस खामोश रही। किसी अधिकारी को भी जुलूस की भनक नहीं लगी। बाद में पुलिस नैनीताल रोड पर पहुंची तो वहां कोई नहीं मिला। आरोप है कि इस दौरान खिसियाहट में पुलिस ने सड़क से गुजर रहे लोगों पर लाठियां भांजी। दुकानें भी बंद करा दीं। एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुंचकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
दरअसल, तीन दिन पहले सोशल मीडिया के जरिये एक-दूसरे को संदेश देकर जुमे की नमाज के बाद जुलूस निकालने की तैयारी थी। उस दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुलूस निकालने वालों को खदेड़ दिया था, लेकिन सोमवार को बेहद गोपनीय रणनीति के तहत जुलूस निकाल दिया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने नौ लोगों को हिरासत में भी लिया है। उधर, जुलूस में पर्चे बांटे जाने की भी बात बताई जा रही है। पुलिस पर्चे हासिल करने में जुटी है।
इस संबंध में एसडीएम बहेड़ी सुधीर ने बताया कि अचानक इतनी बड़ी भीड़ कैसे जुट गई। इसकी जांच की जा रही है। दुकानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे है। धारा 144 लागू होने के बाद भी जुलूस निकालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं सीओ रामानंद राय ने बताया कि जुलूस में शामिल सभी लोगों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। कस्बे में पुलिस तैनात कर दी गई है।