निकाय चुनाव में सपा मेयर प्रत्याशी डॉ. आईएस तोमर के लिए व्यापारियों को साधने पहुुंचे समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव और व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल ने कहा कि जीएसटी और नोटबंदी से व्यापारी काफी नाराज हैं। व्यापार आधा हो गया है। उन्होंने दावा किया कि भले ही व्यापारी खुद को भाजपा का बताए, लेकिन बटन साइकिल पर ही दबेगा।
प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि यह चुनाव 2019 के लोकसभा चुनाव का ट्रायल है। इसमें भाजपा की पोल खुल जाएगी। उनको पता है कि उनके संगठन से जुड़े कई व्यापारी भाजपा के आगे- पीछे दौड़ रहे हैं, लेकिन जब वोट देने की बात आएगी तो व्यापारी सब कुछ भूलकर सपा को जिताएगा। उन्होंने दावा किया कि इस बार सपा भाजपा से अधिक सीटें जीतेगी और बरेली में डॉ. तोमर तीसरी बार मेयर बनेंगे। कंछल ने बाकरगंज और आलमगिरीगंज में बैठक की और डॉ. तोमर को समर्थन देने की अपील की। इस मौके पर नगर अध्यक्ष कदीर अहमद, दिनेश यादव, फैसल अहमद, शब्लू, हसनैन अली, अरविंद पथारिया आदि मौजूद रहे।