सिरौली। कस्बे में शुक्रवार को बंच केबल के जलने से दिनभर कस्बे के लोग बिजली और पानी के लिए जूझते रहे। इससे करीब सात घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। लोगों ने बिजली निगम पर घटिया क्वालिटी का बंच केबल लगाने व उसे न बदलने का आरोप लगाया।
लोगों ने बताया कि शुक्रवार सुबह एक स्थान पर केबल जलकर आपस में चिपक गई। उससे जुड़ी मेन मार्केट एवं अन्य स्थानों की खुली लाइन कई बार टूटी। इससे सुबह से शाम तक फाॅल्ट नहीं मिलने के कारण आपूर्ति ठप रही। बाद में बिजलीकर्मियों के खोजने पर पता लगा कि इस केबल के कारण खुली अन्य लाइन में फाॅल्ट आ रहा है। उसे बदलने के बाद सात घंटे बाद शाम को आपूर्ति चालू हुई। उपखंड अधिकारी बरसेर ने बताया कि अगर केबल घटिया है तो चेक करवाकर बदलवाई जाएगी।
लघु कारोबार रहे बंद
बिजली पर आधारित सभी लघु कारोबार बंद रहे। पीने के पानी की सप्लाई पर असर हुआ। लोगों ने बताया कि कस्बे में चार माह पूर्व बंच केबलें बिछाई गईं, जिसमें जानकारों के मुताबिक 120 एमएम के स्थान पर सबसे घटिया 95 एमएम की डाली गई, जो पड़ने के तुरंत बाद ही ओवरलोड के चलते जलकर गिरने लगी। लोगों के मुताबिक आए दिन यह केबल जलती है। अब सर्दी में यही हाल रहा तो यह परेशानी का सबब बनेगी। लोगों ने गुणवत्तायुक्त बंच केबल डालने की मांग अधिकारियों से की है। संवाद