बरेली के सैन्य अधिकारी राजस्थान के जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान की सरहद पर तैनात है। शहर में उनका परिवार रहता है। आरोप है कि दो दबंगों ने उनकी पत्नी से रंगदारी वसूल ली। उनकी बेटी को उठा ले जाने की धमकी दे रहे हैं।
सरहद पर तैनात बरेली के सैन्य अधिकारी की बेटी को दबंग उठा ले जाने की धमकी दे रहे हैं। बदमाशों ने उनकी पत्नी से एक लाख रुपये रंगदारी भी वसूल ली। अब दो लाख रुपये और मांग रहे हैं। एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन
महिला ने एसएसपी को बताया कि उनके पति सेना में जेसीओ के पद पर हैं। उनकी तैनाती जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर है। इज्जतनगर क्षेत्र की असलम कॉलोनी निवासी सद्दाम और बारादरी के सूफी टोला निवासी खतीम अली उनकी बेटी को घर से उठा ले जाने की धमकी देते हैं। सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो डालते हैं। धमकी देकर दोनों ने पचास-पचास हजार रुपये रंगदारी भी वसूल ली। अब एक-एक लाख रुपये और मांग रहे हैं। विरोध करने पर रास्ते में आते-जाते घेरने की कोशिश करते हैं।
तीन मई को दोनों ने शील चौराहे के पास उन्हें घेरा और दो लाख रुपये देने के लिए कहा। जब उन्होंने पुलिस को कॉल की तो दोनों भाग गए। अब वे कॉल करके गालियां और धमकी दे रहे हैं। पीड़ित बताया कि सद्दाम और खतीम पर कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों कभी उनकी हत्या करा सकते हैं।