सुभाषनगर क्षेत्र में जन्माष्टमी पर पालकी निकालने के बाद उसमें शामिल युवक की दूसरे समुदाय के कुछ लड़कों से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि उन लड़कों ने उस पर चाकू, तलवार व तमंचे से हमला किया। पीड़ित ने सुभाषनगर थाने में चार नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
बरेली में जन्माष्टमी पर कृष्ण भगवान की पालकी निकालने के दौरान हुई कहासुनी के दूसरे दिन दूसरे समुदाय के लड़कों ने युवक को घेर लिया। आरोप है कि चाकू, तलवार से उस पर हमला कर दिया गया। सुभाषनगर थाने में चार नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन
सुभाषनगर निवासी संजीव ने थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार को बताया कि 17 अगस्त को जन्माष्टमी पर पालकी व शोभायात्रा निकाली गई थी। यात्रा समाप्त होने पर कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई थी। अगले दिन सोमवार शाम जब संजीव बाजार से घर लौट रहे थे, तभी करेली के शाहरुख, एंथोनी, आरिफ, मोहिन और इनके दो अज्ञात साथियों ने घेरकर तलवार, चाकू और तमंचे से हमला कर दिया। संजीव की जमकर पिटाई की गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सुभाषनगर थाना पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों की तलाश कर रही है।
हमलावर बोले, जिस दिन हमारी सरकार बनेगी, नामोनिशान मिटा देंगे
हमलावरों ने संजीव की पिटाई के दौरान हथियार लहराते हुए खुलेआम दबंगई दिखाई। पीड़ित संजीव ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने उनसे कहा कि यह सरकार हमारा कुछ नहीं कर सकती। जिस दिन हमारी सरकार बनेगी उस दिन तुम्हारा नामोनिशान मिटा देंगे। संजीव ने इन लोगों से जान का खतरा जताया है।