बरेली में सांड़ के हमले में बुजुर्ग की मौत और पशु चिकित्साधिकारी पर मुकदमा दर्ज होने के बाद नगर निगम शहर में सांड़ व अन्य छुट्टा पशुओं को पकड़ने का अभियान चला रहा है। अफसरों का दावा है कि अब तक 41 सांड़ सहित 88 छुट्टा पशु पकड़े गए हैं। दूसरी ओर, शहर की गलियों में घूमते छुट्टा पशु इस अभियान की हकीकत बयां कर रहे हैं। सोमवार को ईसाइयों की पुलिया के पास सड़क पर दो सांड़ों भिड़ गए, जिससे लोगों में अफरातफरी मच गई।
सांड़ों की लड़ाई देख दोनों तरफ से रास्ता रुक गया। दोनों सांड़ लड़ते हुए एक कार से जा टकराए, जिससे कार की हेडलाइट टूट गई। आसपास खड़े लोगों ने भागकर खुद को बचाया। करीब पांच मिनट तक सांड़ लड़ते रहे। लोगों ने डंडे फटकार कर किसी तरह सांड़ों को भगाया। घटना पर मौजूद लोगों का कहना था कि सड़कों पर घूम रहे सांड़ खतरे का सबब बने हुए हैं।