बिल्डिंग मैटेरियल लैब के मालिक ने कर्मचारी पर 25 लाख रुपये के गबन का आरोप लगाते हुए इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हरियाणा के सोनीपत निवासी पुष्पेंद्र ने एसएसपी अनुराग आर्य को बताया कि उनकी एनपीएस कंपनी की लैब इज्जतनगर के त्रिलोक विहार में है। लैब में भवन निर्माण सामग्री का टेस्ट कर रिपोर्ट दी जाती है। वर्ष 2022 से लैब में बलिया का राजू यादव मार्केटिंग और कलेक्शन का काम करता था। शुरुआत में सही काम करने के बाद वह ग्राहकों से अपने खाते में रुपये लेने लगा। कंपनी के खाते में थोड़ी-बहुत रकम डलवा देता था, बाकी रख लेता था। पूछने पर बहाने बना देता था। ग्राहकों से जानकारी करने पर गबन का राज खुला।
पुष्पेंद्र ने बताया कि वह राजू के साथ गोरखपुर जा रहे थे, तभी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के एक ढाबे पर रुके। उन्होंने गबन के बारे में पूछा तो राजू वहां से भाग गया। राजू के खातों की जानकारी कराई तो पता चला उसने कंपनी को 24 लाख रुपये का चूना लगाया है, जबकि एक लाख रुपये शादी के बहाने लिए थे। थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।