बरेली। आप युवती या महिला हैं और ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बना है तो परेशान न हों। अमर उजाला आपका लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाएगा।
श्यामगंज स्थित अमर उजाला कार्यालय परिसर में रविवार सुबह 10 से शाम पांच बजे तक लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए शिविर लगाया जाएगा। इसके लिए आपको अपना आधार कार्ड और उसके साथ पंजीकृत मोबाइल नंबर लाना होगा। लर्नर डीएल बनवाने का शुल्क 350 रुपये है, जिसे मौके पर ही जमा करना होगा। एक्सपर्ट के तौर पर उबैद खान व उनकी टीम लाइसेंस बनवाने में मदद करेगी।
स्थायी डीएल बनवाने की यह है प्रक्रिया
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) प्रशासन प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि लर्नर लाइसेंस बनवाने के एक माह बाद व छह माह से पहले स्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन करना होगा। इस दौरान आवेेदक को परिवहन विभाग के दफ्तर आकर प्रक्रिया को पूरा करना होगा। टेस्ट आदि के बाद लाइसेंस डाक से आपके घर पहुंचेगा। संवाद