बरेली। पुराना शहर समेत कई इलाकों में शुक्रवार रात और शनिवार को दिन में लोकल फॉल्ट के कारण उपभोक्ता परेशान हुए। शाहदाना उपकेंद्र के इलाके में कुतुबशाह की ज्यारत के पास स्थित ट्रांसफार्मर के बुश लीक कर गए और किला के कटघर में ट्रांसफार्मर फुंक गया। शुक्रवार रात सनराइज कॉलोनी फेस दो के बंच केबल में आग लगने के कारण सुपरसिटी फीडर पर तीन घंटे तक उपभोक्ताओं को कटौती और बाद में ट्रिपिंग का सामना करना पड़ा।
शनिवार शाम से सुरेश शर्मा नगर और चंद्रशेखर पार्क इलाकों में ओवरलोडिंग के कारण बार-बार बंच केबल जलने से आपूर्ति बाधित रही। इन इलाकों में तीन हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को तीन घंटे तक कटौती का सामना करना पड़ा। किला, कुतुबखाना, मढ़ीनाथ, सीबीगंज, कोहाड़ापीर उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में भी उपभोक्ताओं को कटौती और ट्रिपिंग से जूझना पड़ा।
शनिवार रात 10 बजे जगतपुर उपकेंद्र की 11 केवी लाइन टू फेस होने के कारण दो घंटे के लिए आपूर्ति बंद करनी पड़ी। परसाखेड़ा से सुभाषनगर आ रही 33 केवी लाइन में भी शाम को ओवरलोडिंग के कारण ब्रेक डाउन हो गया। इससे यहां फिर संकट खड़ा हो गया। लाइन में ब्रेक डाउन होने के कारण सतीपुर में रात 10 बजे से एक घंटे की कटौती की गई।
सिटी स्टेशन के पास बंच केबल जलने के कारण समस्या रही। मलूकपुर, कुंवरपुर, सिटी रेलवे स्टेशन, नीम वाली मस्जिद इलाकों में दिन भर ट्रिपिंग होती रही। शाहदाना के कटरा चांद खां, सिंधु नगर, मौर्य मंदिर इलाकों में भी शुक्रवार रात कई बार ट्रिपिंग हुई। बालजती के पास ओवरलोडिंग के कारण बंच केबल भी जल गया।