शीशगढ़। गांव सियाठेरी में सोमवार रात डीजे पर नाचते समय रिश्तेदारों के बीच विवाद में हलवाई गंभीर रूप से झुलस गया। झगड़े के दौरान एक रिश्तेदार ने खौलते तेल की कढ़ाई उठाकर हलवाई वीरपाल (35) पर उड़ेल दी।
पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और शिकायत के आधार पर जांच कर रिपोर्ट दर्ज करेगी। यह घटना एक ग्रामीण के बेटे के जन्म की खुशी में आयोजित कार्यक्रम में हुई। वीरपाल वहां पूड़ियां तल रहे थे। डीजे पर नाचते समय रिश्तेदारों में कहासुनी हुई, जो झगड़े में बदल गई। आरोप है कि इसी बीच एक रिश्तेदार ने खौलता तेल वीरपाल पर डाल दिया। वीरपाल के भाई नोनीराम ने बताया कि वह हलवाई का काम कर तीन बच्चों का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने पुलिस से शिकायत की है। सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई होगी। घायल का इलाज चल रहा है। संवाद