पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के बरेली सिटी स्टेशन पर काफी समय से बंद पड़े क्वार्टर नंबर टी-16 में बुधवार दोपहर पुलिस ने किला थाना क्षेत्र के मलूकपुर निवासी अमन रजा का शव बरामद किया। मृतक के चेहरे के साथ ही शरीर पर कई अन्य जगहों पर भी चोटों के निशान हैं। शाम को मृतक के भाई शकील ने शव की शिनाख्त की। उन्होंने अमन के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बुधवार सुबह बरेली सिटी स्टेशन के सेक्शन इंजीनियर संजीव कुमार भारती ने कोतवाली पुलिस को बंद क्वार्टर में शव पड़ा होने की सूचना दी। कोतवाली के अपराध निरीक्षक आदेश कुमार और बिहारीपुर पुलिस चौकी प्रभारी शिवम मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट को भी बुला लिया गया। बुधवार शाम को शकील ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका भाई अमन एक सैलून में काम करता था। मंगलवार शाम उससे कॉल पर बात हुई तो अमन ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ है। कुछ देर में घर आ जाएगा। इसके बाद अमन का मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया।
दोस्तों ने अलग-अलग बातें बताईं
बुधवार सुबह अमन के दोस्त हिमांशु से बात की तो उसने बताया कि नितिन, अमन और हैदर उसके घर आए थे। नितिन से बात करने पर उसने बताया कि उसने हैदर और अमन को ईंट पजाया चौराहे पर छोड़ दिया। हैदर से बात की तो उसने बताया कि उसने अमन को श्यामगंज के पास छोड़ दिया था।