लखीमपुर खीरी जिले के सिकंद्राबाद थाना इलाके के नीमगांव क्षेत्र के मुड़िया गांव में बुधवार को संदिग्ध हालत में एक युवक का शव घर के बाहर छप्पर में फंदे पर लटका मिला। उसके मुंह पर तौलिया बंधा था। मृतक युवक का मंगलवार की रात ही लगन चढ़ा था और बृहस्पतिवार को उसकी शादी थी।
शादी से एक दिन पहले ही उसका शव मिलने से परिवार में मातम है। दुल्हन के परिवार में भी शादी की तैयारियों के बीच मातम छा गया। परिजन ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
थाना नीमगांव क्षेत्र के मुड़िया गांव निवासी सुभाष चंद ने बताया कि उसके छोटे भाई नीरज (21) का बृहस्पतिवार को विवाह था। मंगलवार की रात उसका लगन हुआ था। मृतक के भाई ने बताया कि लगन के बाद नीरज परिवार वालों के साथ खेत में बोई तोरई की रखवाली करने गया था।
देर रात घर आकर वह घर के बाहर पड़े छप्पर के नीचे सो गया। भाई ने बताया कि सुबह जब परिजन उसको जगाने के लिए घर के बाहर गए तो घबरा गए। शोर मचाया तो परिवार में मौजूद तमाम रिश्तेदार और अन्य लोग फौरन घर के बाहर पहुंचे और देखा कि छप्पर की बड़ेरी में नीरज का शव लटक रहा था। जिससे पूरे घर में दहशत फैल गई।