बरेली। इज्जतनगर के नगरिया परीक्षित में किराये के मकान में रह रहे एयरफोर्स से सेवानिवृत्त विजय कुमार श्रीवास्तव की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा। हार्टअटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी कमरे से साक्ष्य एकत्र किए हैं। कमरे में मिर्च, मसाले बिखरे पड़े थे। बड़ी संख्या में शराब की खाली बोतलें भी मिलीं। इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि 65 वर्षीय विजय श्रीवास्तव दो साल से विमल कुमार के घर में किराये पर अकेले ही रहते थे। वह मूल रूप से न्यू बैरहना, प्रयागराज के निवासी थे। वह पहले बरेली में एयरफोर्स में कार्यरत रहे और फिर बैंक में नौकरी करके सेवानिवृत्त हो चुके थे। पड़ोसियों के बुलाने पर पुलिस पहुंची तो मकान मालिक ने बताया कि विजय कुमार रोज सुबह नौ बजे पानी चलवाने के लिए आवाज लगाते थे, लेकिन बृहस्पतिवार को न उनकी आवाज आई और न देर तक कमरे का दरवाजा खुला।
अन्य किरायेदारों ने मकान मालिक को सूचना दी। मकान मालिक ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरोगा नरेश कुमार ने पुलिस व पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में बेड पर विजय कुमार का शव पड़ा मिला। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हार्टअटैक या अन्य बीमारी से मौत की आशंका जताई है। ब्यूरो