बरेली। कैंट और कोतवाली थाना क्षेत्र में दो युवकों के शव फंदे से लटके मिले। इनमें से एक होटल कर्मचारी तो दूसरा मोबाइल मैकेनिक था। पुलिस ने दोनों मामले आत्महत्या के बताए, हालांकि परिवार के लोग वजह नहीं बता सके।
थाना कैंट क्षेत्र के बंगला नंबर छह निवासी शिवम का शव रविवार सुबह फंदे से लटका मिला। पिता सुशील ने बताया कि शिवम एक होटल में नौकरी करता था। रात में वह काम से लौटने के बाद खाना खाकर अपने कमरे में चला गया। कमरे में अपनी टी-शर्ट से उसने फंदा लगाकर जान दे दी। सुशील ने किसी विवाद से इन्कार किया। शिवम के परिवार में पत्नी डॉली और एक छोटी बेटी भी है।
दूसरे युवक का शव कोतवाली क्षेत्र में जीआईसी स्कूल के पास किराये के कमरे में लटका मिला। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव सेडा पूर्वी निवासी 19 वर्षीय सदन यादव की मौत के बाद पिता उल्फत सिंह यादव ने बताया कि सदन यहां नौ महीने से रह रहा था। वह बटलर प्लाजा में मोबाइल शॉप पर काम करता था। ब्यूरो