बरेली। सप्ताहभर से शहर में मंडरा रहे बादलों ने रविवार को अनुकूल माहौल बनने पर झमाझम बारिश की। जिससे गर्मी से खासी राहत मिली। मौसम विभाग ने तीन दिन तक आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आंधी चलने पर लोगों को सुरक्षित स्थान पहुंचने के लिए कहा है।
मौसम विभाग से जारी बुलेटिन के अनुसार शनिवार की देर रात तेज हवाओं के साथ पहाड़ों पर मंडरा रहे बादलों का प्रवेश शहर में शुरू हुआ। रविवार की भोर में करीब घंटे तक तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। सुबह नौ बजे से आसमान साफ हुआ और दोपहर तीन बजे तक धूप रही। सुबह की रिमझिम के बावजूद धूप ने गर्मी का अहसास कराया। अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़त के बाद सामान्य से दो डिग्री कम 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दोपहर तीन बजे के बाद बादल छाने लगे। शाम चार बजे तेज हवा के साथ करीब आधे घंटे तक हल्की, तेज बारिश हुई।
बारिश से बचने के लिए राहगीर सुरक्षित स्थान तलाशते रहे। तमाम लोग दुकान और पेड़ समेत फ्लाईओवर के नीचे ठहरे हुए थे। नमी बढ़ने से हवा ठंड का अहसास कराती रही। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर 85 फीसदी रहा।
जरा सी अनदेखी पड़ सकती है भारी
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. राहुल बाजपेई के मुताबिक बीते दिनों तेज धूप और अब बारिश होने से तापमान स्थिर नहीं हो रहा। तापमान के उतार-चढ़ाव से रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होने की आशंका होती है। बच्चे और बुजुर्गों को हवा में ठंड होने तक फुल आस्तीन के कपड़े पहनने, बारिश में भीगने से बचने, भीग जाने पर जल्द कपड़े बदलने, पौष्टिक और ताजा आहार सेवन करने का सुझाव दिया है। ब्यूरो
मौसम इनपुट
37.4
24.8
धूप निकलेगी। हल्के-घने बादल छाएंगे। तेज हवा चलेगी।
सूर्योदय 5:29
सूर्यास्त 6:50