बरेली के फतेहगंज पश्चिमी इलाके में हाईवे के समीप माधौपुर फाटक की पुरानी रोड के किनारे रविवार सुबह गांव रिछा निवासी मेडिकल स्टोर संचालक परमजीत ठाकुर का शव मिला। वह शनिवार से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
राहगीर की सूचना पर थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां झाड़ियों में युवक का शव मिला। युवक की आयु करीब 25 वर्ष रही होगी। पहचान न होने के कारण पुलिस ने शव का फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इस बीच पता लगा कि थाना भुता में युवक की गुमशुदगी दर्ज थी, जिससे उसकी पहचान हुई।
शव के पास पड़ा मिला शराब का खाली पौव्वा
परिजनों ने बताया कि परमजीत कस्बा भुता में मेडिकल चलाता था। शनिवार शाम चार बजे से लापता था। पिता रामवीर ने किसी से दुश्मनी से इन्कार किया है। लेकिन, शव इतनी दूर मिलने से मामला संदिग्ध है। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि शव के पास से शराब का खाली पौव्वा मिला है। जानकारी के मुताबिक, युवक की किडनी ट्रांसप्लांट हुई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।