बोर्ड परीक्षा को लेकर डीआईओएस कार्यालय पर बना कंट्रोल रूम।
कंट्रोल रूम से जोड़े जा रहे हैं सभी 132 परीक्षा केंद्र
मंडल स्तर पर बने कंट्रोल रूम से भी होगी निगरानी
लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 132 केंद्रों पर 24 मार्च से शुरू होने जा रही हैं। परीक्षा के दौरान कक्षों की ऑनलाइन कैमरों से निगरानी होगी। इसके लिए डीआईओएस कार्यालय पर कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिससे सभी केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों को जोड़ा जा रहा है। सामूहिक नकल करते या कराते पकड़े जाने पर संबंधित पर रासुका के तहत कार्रवाई होगी।
बोर्ड परीक्षा 24 मार्च से 12 अप्रैल तक चलेगी। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए परीक्षा कक्षों की कैमरों से ऑनलाइन निगरानी होगी। इसके लिए डीआईओएस कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। इससे जिले के सभी 132 परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों को जोड़ा जा रहा है।
कंट्रोल रूम में चार कंप्यूटर और दो एलईडी टीवी लगाए गए हैं। इनके माध्यम से परीक्षा के दौरान कक्षों की निगरानी होगी। यहां बता दें कि जिले में 292 स्कूल यूपी बोर्ड से संचालित हैं। इस बार हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में 87011 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इसमें हाईस्कूल के 46327 और इंटरमीडिएट के 40684 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को जमा करने के लिए जिला मुख्यालय पर राजकीय इंटर कॉलेज को संकलन केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा कक्षों की कैमरों के जरिये ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। इसके लिए कार्यालय से लेकर मंडल स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। 132 परीक्षा केंद्रों में से 129 केंद्र पूरी तरह से कंट्रोल रूम से कनेक्ट हो चुके हैं, जबकि तीन को जोड़ा जा रहा है।
- ओपी त्रिपाठी, डीआईओएस