बरेली। किसी आपात स्थिति में हवाई हमले से बचाव और नागरिक सुरक्षा की तैयारियों को परखने के लिए 22 नवंबर को ब्लैकआउट पूर्वाभ्यास होगा। शाम छह बजे पुलिस लाइन में सायरन से हवाई हमले का संकेत के बाद संबंधित क्षेत्र की लाइट बंद करनी की अपील प्रशासन ने की है।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय से मिले निर्देशों के क्रम में सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज होगी। नागरिक सुरक्षा कोर की ओर से पुलिस लाइन में यह आयोजन होगा। अभ्यास के दौरान सायरन बजाया जाएगा और हवाई हमले की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों का प्रदर्शन किया जाएगा। हवाई हमले का खतरा टलने के बाद राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास होगा। घायलों का इलाज, आग पर काबू पाने, क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, एंबुलेंस से पीड़ित को अस्पताल पहुंचाने का प्रदर्शन भी होगा।
एडीएम सिटी डॉ. अविनाश त्रिपाठी ने लोगों से 22 नवंबर को शाम छह बजे से 6:10 बजे तक अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों की लाइटें बंद रखने की अपील की है। राष्ट्रहित में इस अभ्यास में सहयोग करने का अनुरोध किया है।