बरेली के फरीदपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नगर अध्यक्ष प्रदीप यादव का एक महिला के साथ बातचीत का ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए धमकियां दे रहे हैं। महिला ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। महिला ने आरोप लगाया कि पति ने प्रदीप यादव के साथ मिलकर उसका रास्ते से अपहरण कर लिया। पांच घंटे तक फरीदपुर में एक मकान में बंधक बनाकर रखा। वहां प्रदीप ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। हत्या कर शव गायब करने की धमकी भी दी।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला की शादी भुता थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई है। उसका पति से मुकदमा चल रहा है। पति उसकी हत्या करना चाहता है। एक जून को दोपहर में महिला अपनी स्कूटी ठीक कराने एजेंसी पर गई थी। शाम को लौटते समय भुता रोड पर उसका पति, प्रदीप यादव व दो अज्ञात लोग कार से पहुंचे। उसे कार में डालकर फरीदपुर के एक मकान में ले जाकर बंधक बना लिया।
यहां प्रदीप यादव ने उसके कपड़े फाड़ दिए। तमंचा दिखाकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। शोर मचाने पर मकान मालिक पहुंच गईं। उन्हें देखकर आरोपी भाग गया। महिला ने एसएसपी से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई। इस बीच आरोपी प्रदीप यादव ने महिला के साथ फोन कॉल पर गाली-गलौज भी की।