'जनता से भाजपा का गठबंधन'
भाजपा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया। कहा कि जनता से भाजपा का गठबंधन है। लिहाजा, पन्ना प्रमुखों को जिम्मेदारी दी कि वह घर-घर पहुंचकर जनसंपर्क करें। लाभार्थियों को ब्रांड एंबेसडर के तौर पर प्रस्तुत करें।
सोशल मीडिया के जरिए बूथ स्तर पर भी ग्रुप बनाकर उसमें पार्टी संबंधी जानकारी और योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक कर एकजुट करें। विधानसभा संयोजक, प्रभारी को बूथ सम्मेलन, प्रबुद्ध सम्मेलन, संचालन समिति की बैठक निरंतर कर समीक्षा करते रहने के लिए कहा।
जनप्रतिनिधियों से तालमेल बनाकर करें कार्य
बैठक में बरेली से उम्मीदवार छत्रपाल गंगवार को भारी मतों से विजय दिलाने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. राघवेंद्र, डॉ. एमपी आर्य समेत अन्य सभी जनप्रतिनिधियों को लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं का मागर्दशन करने, तालमेल बनाकर कार्य के लिए कहा। यहां बदायूं से उम्मीदवार दुर्विजय सिंह शाक्य, बरेली महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना व अन्य मौजूद रहे।
कसा तंज... अखिलेश के कई चाचा हैं
पत्रकारों से बातचीत करते हुए भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मुरादाबाद में अब तक प्रत्याशी चयन न हाेने के सवाल पर बोले कि सपा में अंतर्विरोध है। अखिलेश बड़े चाचा या छोटे चाचा किसे संतुष्ट करें, इस असमंजस में हैं, क्योंकि उनके कई चाचा हैं। ऐसी परिस्थिति है कि वे परिवार से निकल नहीं पा रहे है और भाजपा उन्हें परिवार के साथ छोड़कर आगे निकल चुकी है।
संतोष गंगवार वरिष्ठ नेता, मार्गदर्शक
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बैठक के दौरान सांसद संतोष गंगवार को भाजपा का वरिष्ठ नेता के तौर पर चर्चा की। वहीं, टिकट की बात पर बोले कि अब पार्टी उनके राजनीतिक अनुभव का उपयोग करेगी। भाजपा बड़ी पार्टी है, इसके मार्गदर्शक रहेंगे। टिकट न मिलने से उनका भाजपा से नाता नहीं टूटा है।