फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा ने गोवा सैर-सपाटे पर भेजे जिला पंचायत सदस्य

Wed, 11 Oct 2017 01:18 AM IST
बरेली।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
सपा और भाजपा के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर जंग तेज हो गई है। अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस पर मतदान के लिए 28 अक्तूबर की तारीख तय होने के बाद जिला पंचायत सदस्यों ने भी अपनी अहमियत को कैश करने के लिए सौदेबाजी शुरू कर दी है। भाजपा ने सपा खेमे में जानेे से रोकने के लिए 26 सदस्यों को गोवा और उत्तराखंड में सैर-सपाटे पर भेज दिया है। उन्हें मतदान से 24 घंटे पहले ही बरेली लाने की योजना है। दिवाली मनाने के लिए एक-दो दिन घर आने की छूट दी जा सकती है।  
सपा समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष संजय सिंह को पद से हटाने की सुगबुगाहट यूं तो प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही शुरू हो गई थी लेकिन भाजपा के स्थानीय संगठन ने नवरात्र के बाद इसे अमली जामा पहनाना शुरू कर दिया। पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल और ब्रज क्षेत्र संगठन मंत्री भवानी सिंह से हरी झंडी मिलने के बाद आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप, बिथरी विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल, नवाबगंज विधायक केसर सिंह और बहेड़ी विधायक छत्रपाल सिंह ने जिला पंचायत सदस्यों को अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में एकजुट करने की कमान संभाल ली। भाजपा अपने सदस्यों के साथ ही सपा, बसपा और निर्दलीय सदस्यों का भी समर्थन हासिल करने के लिए हरसंभव कोशिश कर रही है। सूत्रों की मानें तो भाजपा ने 18 सदस्यों को गोवा और आठ सदस्यों को उत्तराखंड की सैर पर भेज दिया है। पांच जिला पंचायत सदस्य एक-दो दिन में किसी अन्य गुप्त स्थान पर भेज दिए जाएंगे। जिला पंचायत सदस्य उत्तराखंड और गोवा की सैर किसके पैसे पर कर रहे हैं, इसका अभी पता नहीं चल पा रहा है। 
विज्ञापन

दूसरी ओर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय सिंह भी सदस्यों को अपने पक्ष में लामबंद करने में जुटे हैं लेकिन अधिकांश सदस्य फोन रिसीव न करने, वार्डों में सड़क, नाली समेत अन्य काम न कराने को लेकर उनसे नाराज हैं। सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और पूर्व मंत्री भगवतसरन गंगवार भी संजय के पक्ष में सदस्यों को एकजुट करने की जोड़तोड़ मेें लगे हैं। बताते हैं कि संजय के पिता पूर्व एडीएम रामेश्वर दयाल भी भाजपा के बड़े नेताओं को अविश्वास प्रस्ताव में ढील देने के लिए मनाने में जुटे हैं, लेकिन उन्हें इसमें सफलता मिलती नहीं दिख रही। हालांकि वह दो भाजपा विधायकों से रात में किसी गोपनीय स्थान पर मिले भी और उनसे बेटे की पुरानी गलतियां माफ करने की मनुहार की। 
सपा नेता भी भाजपा के संपर्क में 
जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए अपने समर्थक जिला पंचायत सदस्यों की सौदेबाजी करने को सपा के कुछ नेता भी भाजपा विधायकों के संपर्क में हैं। फोन पर कई दौर की बातचीत के बाद सपा नेताओं और भाजपा विधायकों के बीच मंगलवार दोपहर बाद एक होटल में आमने-सामने भी बात हुई। दोनों में अंदरखाने सौदेबाजी के रेट तय होने की चर्चा है। जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ भाजपा का अविश्वास प्रस्ताव कोई भी गुल खिला सकता है।  

सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष को लेकर जो बयान दिया है, उस पर मैं यही कहूंगा कि जिलाध्यक्ष मेरे प्रिय शिष्य रह चुके हैं। मैं अपने शिष्यों के मुंह नहीं लगना चाहता। जिला पंचायत में सपा मजबूत है। अविश्वास प्रस्ताव पारित नहीं होने देंगे।
विज्ञापन

- वीरपाल सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष सपा 


अविश्वास प्रस्ताव की तारीख तय होने के बाद जिला पंचायत सदस्योें को सुरक्षित रखना जरूरी है, इसलिए उनको प्रदेश से बाहर भेजा गया है। वैसे भी संजय सिंह से सपा के नेता ही खुश नहीं हैं, तो भाजपा कहां से खुश होगी।
- राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल, विधायक बिथरी 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें