जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद वरुण गांधी
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा सांसद वरुण गांधी ने कहा कि भ्रष्टाचार हमारे देश को दीमक की तरह अंदर तक खाए जा रहा है। हमारे देश में उद्योगपतियों के लोन माफ हो रहे हैं, लेकिन गरीबों की कुर्की की जा रही है। लोन व्यवस्था इतनी खराब है कि आम आदमी को 10 चक्कर लगवाने के बाद भी बिना सुविधा शुल्क लिए लोन नहीं दिया जाता।
सोमवार को सांसद ने बरखेड़ा ब्लॉक के ग्राम पचपेड़ा, उगनपुर, अग्यारी, मूसेपुर कला, दियूरा, जगतपुर सिंधोरा, महदखास, शेरगंज बकैनिया, पंडरी व स्वाहास में जनसंवाद कार्यक्रम किए। उन्होंने कहा कि गरीब आदमी अब भी उबर नहीं पा रहा है। लोन व्यवस्था इतनी खराब है कि आम आदमी को 10 चक्कर लगाने के बाद भी बिना सुविधा शुल्क दिए लोन नहीं दिया जाता, जबकि उद्योगपति आवेदन करते हैं तो उनकी फाइल तुरंत पास हो जाती है।
सांसद ने कहा कि राजनीति का मुख्य बिंदु बुनियादी समस्याओं का समाधान करना होता है, लेकिन यहां तो बुनियादी मुद्दों पर बात ही नहीं होती। उनकी राजनीति सच्चाई, ईमानदारी और देशभक्ति पर आधारित है। उनकी राजनीति किसानों, नौजवानों, संविदा कर्मचारियों, महिलाओं और बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए है। सांसद ने जनसभाओं के बाद लोगों की समस्याएं भी सुनीं।