बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक चालक व उसके साथियों ने भाजपा पार्षद के कुत्ते को कार से कुचलकर मार डाला। पार्षद ने इसकी शिकायत की तो आरोपियों ने उन पर तमंचे से फायर झोंक दिया। पार्षद ने प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
वार्ड 42 चौधरी मोहल्ला के पार्षद चंद्र प्रकाश गुप्ता ने बताया कि बीते साल अक्तूबर में पड़ोसी विशाल कश्यप ने कार से कुत्ते को टक्कर मार दी थी। शिकायत के बाद मोहल्ले के लोगों ने समझौता करा दिया था। दिसंबर में विशाल के भाई आशीष ने उनके दूसरे कुत्ते को कुचलकर मार डाला। इस पर उन्होंने प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को विशाल कश्यप ने चंद्र प्रकाश को घर के बाहर बुलाया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पार्षद ने इसकी शिकायत अशरफ खां चौकी इंचार्ज से की थी।
दुकान में ले जाकर किया फायर
चंद्र प्रकाश ने बताया कि मंगलवार रात वह अपनी सराफा दुकान बंद कर जैसे ही घर पहुंचे, तभी विशाल कश्यप पुराने मुकदमे को लेकर झगड़ा करने लगा। पड़ोस में डॉक्टर की दुकान में ले जाकर तमंचे से फायर कर दिया। फायर मिस होने से चंद्र प्रकाश की जान बच गई।
इसके बाद उनके पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देते हुए विशाल अपने चार अज्ञात साथियों के साथ फरार हो गया। विशाल के भाई आशीष पर घटना की साजिश रचने का आरोप लगाकर चंद्र प्रकाश ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रेमनगर थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।